Home  लाइफस्टाइल समाचार बिहार स्टाइल में बनाएं आलू का चोखा, रोटी और दाल-चावल के साथ...

बिहार स्टाइल में बनाएं आलू का चोखा, रोटी और दाल-चावल के साथ लगता है टेस्टी, नोट कर लें रेसिपी

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बिहार का खान-पान काफी फेमस है और देशभर में मशहूर है। बिहार में आलू का चोखा भी खूब खाया जाता है और ये दाल-चावल के साथ काफी टेस्टी लगता है। चलिए आपको बिहार स्टाइल में आलू का चोखा बनाने का तरीका बताते हैं।

बिहार का खान-पान पूरे देश में मशहूर है, फिर चाहे वो लिट्टी चोखा हो, चंपारण मटन, सत्तू हो या फिर आलू का चोखा। बिहार में रोटी या दाल-चावल के साथ लोग आलू का चोखा खाना खूब पसंद करते हैं। आलू का चोखा वैसे ही है, जैसे यूपी का फेमस बैंगन का भर्ता। बस बैंगन को भूना जाता है और आलू को उबाल लेते हैं। हालांकि, आलू भी भूनकर चोखा बन सकता है लेकिन उबले आलू का स्वाद अलग ही होता है। अगर आप भी बिहार स्टाइल में आलू का चोखा खाना चाहते हैं, तो इसे बनाने का तरीका नोट कर लें।

सामग्री क्या-क्या चाहिए-

उबले हुए 4 आलू, 1 चम्मच लाल मिर्च, 1 बारीक कटा प्याज, हरी धनिया, 2 चम्मच सरसों का तेल, लहसुन की 5 कलियां, नमक स्वादानुसार।

बनाने का तरीका

सबसे पहले मीडियम साइज के 4 आलुओं को कुकर में उबाल लें और उन्हें थोड़ा ठंडा होने पर छील लें। अब आलू को हाथों या किसी कल्छुल से फोड़ें। बस ध्यान रखें कि आलू में गुठली नहीं पड़नी चाहिए। फिर इसमें बारीक कटा प्याज, लहसुन, हरी धनिया, लाल मिर्च और नमक स्वादानुसार मिलाएं। स्वाद को बढ़ाने के लिए इसमें सरसों का तेल मिक्स करें। अब आलू को अच्छे से मिलाकर चोखा तैयार करें। अगर आपको इसे थोड़ा खट्टा करना है, तो आधे नींबू का रस डालें। इससे चोखे का स्वाद और भी चटपटा हो जाएगा। अगर आपको सोंधापन चाहिए, तो चोखे में टमाटर को भूनकर मैश करके मिला सकते हैं। वैसे ये सिर्फ ऑप्शन है। इसी तरह आप आलू को गैस पर अच्छे से भूनकर भी उसका चोखा बना सकते हैं। बस ध्यान रखें कि आलू अच्छे से भुन जाए, कच्चा नहीं होना चाहिए। वरना स्वाद अच्छा नहीं आएगा। चोखा बनकर तैयार हो जाए, तब आप इसे चावल-दाल या रोटी के साथ मजे से खाएं। आलू के चोखे के साथ आपको सब्जी की जरूरत नहीं पड़ेगी।

आलू चोखा खाने से क्या फायदा होता है?

आलू में मिली सभी चीजें एनर्जी का अच्छा स्रोत है। इसे खाने से पाचन बेहतर होता है और शरीर में एनर्जी भी आती है। आलू में पोटैशियम, विटामिन C और B6 अच्छी मात्रा में पाया जाता है। इसे खाने से इम्यूनिटी भी स्ट्रॉन्ग होती है। गर्मी के मौसम में तला-भुना और मसाले वाली सब्जी खाने से अच्छा है, आप आलू का चोखा खाएं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN