Home विश्व समाचार बदले की आग में धधक रहा ईरान, लारिजानी की हत्या के बाद...

बदले की आग में धधक रहा ईरान, लारिजानी की हत्या के बाद इजरायल को दहलाया; 100 ठिकानों पर हमला

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ईरान ने बुधवार को इजरायल की ओर मिसाइलों की बौछार की है। इजरायल के कई हिस्सों में सायरन बजने और तेल अवीव में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दी हैं।

इजरायली हमलों में अपने टॉप कमांडरों को खोने के बाद ईरान बदले की आग में धधक रहा है। ईरान ने बुधवार को इजरायल को मिसाइल हमलों से दहला दिया है। खबरों के मुताबिक, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अपने सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी की हत्या के बाद तेल अवीव में 100 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया है। वहीं ईरान ने अरब देशों पर भी हमलों की तीव्रता बढ़ा दी है।

एक बयान में IRGC ने कहा है कि ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4’ की 61वीं लहर के दौरान इन ठिकानों पर हमला किया है। बयान में कहा गया, “ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (SNSC) के पूर्व सचिव डॉ. लारीजानी की शहादत का बदला लेने के लिए, मल्टी-वॉरहेड वाली खोर्रमशहर-4 और कद्र मिसाइलों के साथ-साथ इमाद और खैबर शिकन प्रोजेक्टाइल्स का इस्तेमाल करके दुश्मन के ठिकानों को निशाना बनाया गया।”

गौरतलब है कि इससे पहले इजरायल के हमलों में ईरान के दो वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी और जनरल गुलाम रजा सुलेमानी मारे गए। यह ईरान की नेतृत्व व्यवस्था के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी को देश के सबसे शक्तिशाली व्यक्तियों में से एक माना जाता था। वहीं जनरल गुलाम रजा सुलेमानी ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ के स्वयंसेवी ‘बासिज’ बल के प्रमुख थे। ईरान ने दोनों नेताओं की मौत की पुष्टि की है।

अरब देशों पर भी हमले

इसके बाद से ईरान ने बुधवार को इजरायल के साथ साथ खाड़ी के अरब देशों पर भी मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए। इजरायल की आपातकालीन चिकित्सा सेवा ‘मेगेन डेविड एडोम’ के अनुसार, तेल अवीव के पूर्व में स्थित रमात गन इलाके में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं सऊदी अरब, कुवैत और अन्य अरब देशों को भी बुधवार को ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों और ड्रोन हमलों का सामना करना पड़ा।

होर्मुज पर पकड़ जारी रखेगा ईरान

इस बीच वैश्विक ऊर्जा संकट को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच एक ईरानी अधिकारी ने कहा है कि तेहरान का तेल परिवहन के लिए बेहद महत्वपूर्ण जलमार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ में जरा भी ढील देने का कोई इरादा नहीं है। ईरान ने इससे पहले ही इस तरह की धमकी दी है। इस रूट के प्रभावी रूप से बंद होने से कई देशों में ईंधन की आपूर्ति पर संकट गहरा गया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN