Source :- LIVE HINDUSTAN
Health Tips: डॉ शुभम वात्स्य का कहना है कि हमारी सेहत को सबसे ज्यादा नुकसान स्ट्रेस यानी तनाव, शुगर और पोषक तत्वों की कमी करती है। उन्होंने ऐसे 3 सप्लीमेंट्स के बारे में बताया है, जिनकी जरूरत ज्यादातर भारतीयों को है।
आजकल का भागदौड़ भरा लाइफस्टाइल, अनियमित खानपान और ज्यादातर समय बंद कमरों में बिताने की वजह से शरीर में कई पोषक तत्वों की कमी देखने को मिल रही है। भारत में तो न्यूट्रिएंट्स की कमी बेहद आम है, भले ही लोग खुद को हेल्दी समझते हों। इस विषय पर फोर्टिस हॉस्पिटल के गेस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट डॉ शुभम वात्स्य का कहना है कि हमारी सेहत को सबसे ज्यादा नुकसान स्ट्रेस यानी तनाव, शुगर और पोषक तत्वों की कमी करती है। उन्होंने ऐसे 3 सप्लीमेंट्स के बारे में बताया है, जिनकी जरूरत ज्यादातर भारतीयों को है। ये सप्लीमेंट्स उन्हीं पोषक तत्वों की कमी को पूरा करते हैं, जो ज्यादातर इंडियंस में देखने को मिलती है। आइए जानते हैं वो टॉप 3 सप्लीमेंट्स कौन से हैं।
ज्यादातर भारतीयों में है विटामिन डी की कमी
हमारे देश में धूप की कोई कमी नहीं है लेकिन हैरानी की बात है कि ज्यादातर भारतीयों में विटामिन डी की कमी पाई जाती है। ICMR की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में 70-90 प्रतिशत पॉपुलेशन में विटामिन डी की कमी है। आजकल का इनडोर लाइफस्टाइल, सर्दियों में धूप ना मिलना और स्किन पिगमेंटेशन की वजह से विटामिन डी लेना काफी मुश्किल हो जाता है। डॉ शुभम कहते हैं कि ये बहुत जरूरी पोषक तत्व है जो इम्यूनिटी, बोन हेल्थ और इंसुलिन सेंसिटिविटी सभी के लिए बहुत जरूरी है। यही वजह है कि ज्यादातर भारतीयों को विटामिन डी सप्लीमेंट लेने की जरूरत पड़ती है।
आधी पॉपुलेशन को है मैग्नेशियम सप्लीमेंट की जरूरत
डॉ शुभम कहते हैं कि रिपोर्ट्स के मुताबिक आधी भारतीय पॉपुलेशन में मैग्नीशियम की कमी है। ये भी एक बहुत जरूरी पोषक तत्व है जो नींद, मसल रिकवरी, नर्व फंक्शन और स्ट्रेस रिस्पॉन्स को रेगुलेट करने में अहम भूमिका निभाता है। प्रोसेस्ड और रिफाइंड फूड ज्यादा खाने की आदत के कारण भी मैग्नीशियम का लेवल कम हो सकता है। अगर आपकी बॉडी में भी इसकी कमी है, तो डॉक्टर का सुझाया हुआ कोई सप्लीमेंट ले सकते हैं।
इंडियन डाइट में कम है ओमेगा थ्री फैटी एसिड
डॉक्टर कहते हैं कि भारतीय डाइट में फैटी फिश का इस्तेमाल काफी कम होता है, इसी वजह से भारतीयों के ओमेगा थ्री लेवल दुनिया के सबसे कम में गिने जाते हैं। ये बहुत ही जरूरी पोषक तत्व है, जो ब्रेन हेल्थ, इन्फ्लेमेशन, हार्ट और लिवर हेल्थ सभी को सपोर्ट करता है। रोजाना अगर आप 1-2 ग्राम ओमेगा थ्री फैटी एसिड लेते हैं, तो ये आपकी सेहत के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है।
डॉक्टर की जरूरी सलाह
डॉ शुभम कहते हैं कि ये तीन सप्लीमेंट लगभग सारी जरूरतों को पूरा कर देते हैं। आपको बहुत ज्यादा पिल्स लेने की जरूरत नहीं है, बस सही सप्लीमेंट लें और नियमित रूप से लें। इसके लिए पहले टेस्ट कराएं, फिर डॉक्टर की सलाह से सही डोज तय करें। अपने आप कोई भी सप्लीमेंट शुरू करना समझदारी नहीं है।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


