Source :- LIVE HINDUSTAN
Reasons Why Muslims break their Ramadan fast with dates : जब दिन भर की भूख और प्यास के बाद शरीर का एनर्जी लेवल अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच जाता है, तब खजूर का एक दाना कुदरती ‘पावर बूस्टर’ की तरह काम करता है।
अगर अब तक आपको भी यही लगता रहा है कि रमजान के पाक महीने में इफ्तार के दस्तरख्वान पर मौजूद खजूर सिर्फ एक सुन्नत या परंपरा भर है, तो आप बिल्कुल गलत है। इफ्तारी के दौरान खजूर का सेवन ना सिर्फ व्यक्ति को रूहानी सुकून देता है बल्कि जिस्मानी ताकत से भी भर देता है। जब दिन भर की भूख और प्यास के बाद शरीर का एनर्जी लेवल अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच जाता है, तब खजूर का एक दाना कुदरती ‘पावर बूस्टर’ की तरह काम करता है। सीके बिरला हॉस्पिटल की क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट, डॉ. दीपाली शर्मा से जानते हैं कि इफ्तार में खजूर खाने से सेहत को क्या 5 बड़े फायदे मिलते हैं।
1. तुरंत एनर्जी
12–16 घंटे भूखे-प्यासे रहने के बाद शरीर को तुरंत ऊर्जा की जरूरत होती है। ऐसे में खजूर में मौजूद प्राकृतिक शुगर जैसे ग्लूकोज और फ्रक्टोज जल्दी खून में घुलकर शरीर को ताकत देते हैं। जिससे कमजोरी, चक्कर या अचानक शुगर गिरने जैसी दिक्कतें कम हो सकती हैं।
2. पाचन तंत्र के लिए बेहतर
लंबे समय तक कुछ न खाने के बाद अगर सीधे भारी भोजन खा लिया जाए तो गैस, एसिडिटी या पेट दर्द हो सकता है। खजूर नरम और हल्का होता है, इसलिए पेट पर ज्यादा बोझ नहीं डालता। यह धीरे-धीरे पाचन क्रिया को फिर से एक्टिव करने में मदद करता है। यह खाली पेट को भारी भोजन पचाने के लिए तैयार करता है और कब्ज जैसी समस्याओं को दूर रखता है।
3. पोषक तत्वों से भरपूर
खजूर सिर्फ मीठा फल नहीं है। इसमें फाइबर, पोटैशियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट अच्छी मात्रा में होते हैं। ये शरीर में इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखने, पाचन सुधारने और दिन भर की थकान दूर करने में मदद करते हैं।
4. दिल और दिमागी सेहत
खजूर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की सूजन कम करने और दिल की धड़कन को सामान्य बनाए रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा अरब क्षेत्रों में खजूर सदियों से मुख्य आहार का हिस्सा रहा है। सऊदी अरब और आसपास के इलाकों में यह आसानी से उपलब्ध और पोषण से भरपूर फल था, इसलिए इफ्तार में इसे शामिल करना एक व्यावहारिक और परंपरागत आदत बन गया।
5. ओवरईटिंग से बचाता है
इफ्तार के समय बहुत तेज भूख लगी होती है, जिसकी वजह से जरूरत से ज्यादा खा लेने का खतरा बना रहता है। लेकिन इफ्तार से पहले 2–3 खजूर खाने से भूख थोड़ी शांत हो जाती है, जिससे आप संतुलित और नियंत्रित मात्रा में खाना खा पाते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



