Source :- LIVE HINDUSTAN
रिलेशनशिप कोच बताती हैं कि पति के दिल में हमेशा अपनी खास जगह बनाए रखने के लिए बाहरी दिखावे की बजाय उन्हें समझना, उनकी भावनाओं का सम्मान करना और भरोसेमंद, संतुलित व्यवहार रखना सबसे जरूरी है।
हर महिला की चाहत होती है कि उसके पति के दिल में उसकी जगह हमेशा बहुत खास बनी रहे। इसके लिए तमाम तरह की कोशिशें भी करती रहती हैं। कभी वे अपनी खूबसूरती पर ज्यादा ध्यान देती हैं, कभी हर बात में परफेक्ट बनने की कोशिश करती हैं, तो कभी पति का ध्यान अपनी ओर बनाए रखने के लिए खुद को बदलने लगती हैं। कई बार इस कोशिश में वे थक जाती हैं और फिर भी उन्हें लगता है कि कुछ कमी रह गई है। रिलेशनशिप कोच स्वाति गिरी के अनुसार, असली राज इन बाहरी कोशिशों में नहीं, बल्कि आकर्षण की सही समझ में छिपा है। चलिए जानते हैं कोच के मुताबिक पति के दिल में खास जगह बनाने के लिए क्या करना वाकई सही है।
अट्रैक्शन का असली मतलब क्या है?
स्वाति गिरी कहती हैं कि अट्रैक्शन केवल बाहरी सुंदरता पर आधारित नहीं होता। लंबे समय तक किसी के मन में जगह बनाए रखने के लिए इमोशनल अटैचमेंट होना सबसे जरूरी है। जब आप अपने पति को समझती हैं, उनकी बातों को ध्यान से सुनती हैं और उनकी भावनाओं का सम्मान करती हैं, तो एक गहरा भरोसा बनता है। यही भरोसा रिश्ते को मजबूत करता है।
कई बार महिलाएं सोचती हैं कि उन्हें हमेशा परफेक्ट दिखना होगा या कुछ खास करना होगा ताकि उनके पति उन्हें नोटिस करें। लेकिन असल में, पुरुष उस महिला की तरफ ज्यादा आकर्षित होते हैं जो उन्हें समझती है और जिनके साथ वो सहज महसूस करते हैं।
ओवरथिंकिंग से बाहर निकलना जरूरी है
स्वाति गिरी बताती हैं कि हर मैसेज का मतलब निकालना, जवाब देर से आने पर परेशान होना या खुद को कम समझना रिश्ते को कमजोर करता है। इससे मन में डर और असुरक्षा बढ़ती है। जब आप खुद को शांत और आत्मविश्वासी रखती हैं तो आपका व्यवहार भी संतुलित रहता है। रिश्ते में सुकून होना जरूरी है। अगर आप हर समय चिंता में रहेंगी, तो वह ऊर्जा सामने वाले तक भी पहुंचेगी। इसलिए खुद पर भरोसा रखना और अपने जीवन में संतुलन बनाए रखना बहुत जरूरी है।
समझ ही है असली ताकत
एक्सपर्ट का मानना है कि जब आप अपने पति को उनकी सोच से भी बेहतर समझने लगती हैं, तब रिश्ता बदलने लगता है। इसका मतलब यह नहीं है कि आप उनके मन को कंट्रोल करें, बल्कि यह कि आप उनकी जरूरतों, उनकी परेशानियों और उनकी खुशियों को समझें।
जब पुरुष को लगता है कि उसकी पत्नी उसे सच में समझती है तो वह खुद ही उसकी तरफ खिंचता चला आता है। उसे बार-बार ध्यान खींचने की जरूरत नहीं पड़ती। वह खुद आगे बढ़कर समय देता है, अपनी भावनाएं साझा करता है और रिश्ते को आगे बढ़ाना चाहता है।
बिना खेल खेले गहरा जुड़ाव
पति के दिल में जगह बनाने के लिए किसी भी तरह के माइंड गेम्स या दिखावे की जरूरत नहीं है। सच्चा अट्रैक्शन नैचुरल होता है। जब आप खुद को बदलने की जगह खुद को समझती हैं और अपने साथी को समझती हैं, तो एक संतुलित रिश्ता बनता है। रिश्ते में ईमानदारी, सम्मान और भावनात्मक सुरक्षा सबसे ज्यादा मायने रखती है। जब पति को यह महसूस होता है कि वह सुरक्षित है और उसकी भावनाओं को महत्व दिया जा रहा है, तो वह और ज्यादा जुड़ाव महसूस करता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


