Home विश्व समाचार नोटों से भरा हरक्यूलिस C-130 विमान सड़क पर क्रैश; 15 की मौत,...

नोटों से भरा हरक्यूलिस C-130 विमान सड़क पर क्रैश; 15 की मौत, पैसे बटोरने को उमड़ी भीड़

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मलबे और धुएं के बीच सैकड़ों लोग बचाव कार्यों में मदद करने के बजाय बिखरी हुई नकदी को इकट्ठा करने के लिए दौड़ पड़े।

बोलीविया की प्रशासनिक राजधानी ला पाज़ के निकटवर्ती शहर एल ऑल्टो में शुक्रवार शाम एक बड़ा विमान हादसा हो गया। बोलीवियन एयरफोर्स का एक हरक्यूलिस C-130 मालवाहक विमान नए छपे बैंक नोटों की एक बड़ी खेप ले जा रहा था। इसी दौरान एक व्यस्त सड़क ‘कोस्टानेरा एवेन्यू’ पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है और 30 से अधिक घायल हुए हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान ने एल ऑल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी ही थी कि खराब मौसम या तकनीकी खराबी के कारण वह अनियंत्रित होकर पास की मुख्य सड़क पर जा गिरा। सड़क पर गिरते ही विमान ने करीब एक दर्जन से अधिक वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। मलबे की चपेट में आने से कई कारें पूरी तरह चकनाचूर हो गई हैं। विमान के गिरने के बाद उसमें भीषण आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सड़क पर बिखरे नोट, बटोरने के लिए मची अफरातफरी

हादसे के बाद एक अजीबोगरीब स्थिति तब पैदा हो गई जब विमान में रखे करोड़ों के नए नोट पूरी सड़क पर बिखर गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मलबे और धुएं के बीच सैकड़ों लोग बचाव कार्यों में मदद करने के बजाय बिखरी हुई नकदी को इकट्ठा करने के लिए दौड़ पड़े।

भीड़ इतनी अनियंत्रित हो गई थी कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन को लोगों को हटाने के लिए ‘वॉटर कैनन’ और दंगा नियंत्रण उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा। बोलीविया के सेंट्रल बैंक ने पुष्टि की है कि विमान नए बैंक नोटों को देश के आंतरिक हिस्सों में ले जा रहा था।

एयरपोर्ट बंद, जांच शुरू

इस भयावह हादसे के बाद एल ऑल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और सभी उड़ानों को निलंबित कर दिया गया है। बोलीविया के रक्षा मंत्रालय और वायुसेना ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। अग्निशमन विभाग के प्रमुख पावेल तोवर ने बताया कि मृतकों में विमान के चालक दल के सदस्य और सड़क पर चल रहे वाहन सवार दोनों शामिल हो सकते हैं। फिलहाल घायलों का इलाज पास के अस्पतालों में चल रहा है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN