Source :- LIVE HINDUSTAN
नेपाल के खोटांग में हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें एक यात्री घायल हुआ है। हेलीकॉप्टर पांच यात्रियों को लेकर जिले के लिए रवाना हुआ था। रजिस्ट्रेशन नंबर 9N-ASQ वाला यह हेलीकॉप्टर सुबह लगभग 11:51 बजे खोटांग में क्रैश होकर जमीन पर गिरा।
पूर्वी नेपाल में लैंडिंग के दौरान एक हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि पूर्वी नेपाल के खोटांग जिले में एक खेत में लैंडिंग के दौरान एयर डायनेस्टी का एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया।
खोटांग जिले की मुख्य जिला अधिकारी रेखा कंडेल ने फोन पर न्यूज एजेंसी एएनआई बताया, “हेलीकॉप्टर खेत में लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। इसमें एक शव ले जाया जा रहा था और यह काठमांडू से आया था। इसमें किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। अभी और जानकारी का इंतजार है।”
कंपनी के अनुसार, हेलीकॉप्टर पांच यात्रियों को लेकर जिले के लिए रवाना हुआ था। रजिस्ट्रेशन नंबर 9N-ASQ वाला यह हेलीकॉप्टर सुबह लगभग 11:51 बजे खोटांग में क्रैश होकर जमीन पर गिरा।
हेलीकॉप्टर कंपनी ने बयान में कहा, “हेलीकॉप्टर में सवार एक यात्री घायल हो गया है। पायलट और अन्य यात्रियों को कोई चोट नहीं आई है। घायल यात्री को बचाने के लिए रजिस्ट्रेशन नंबर 9N-ANA वाला एक और हेलीकॉप्टर भी भेजा गया है।” शुरुआती जांच के अनुसार, हेलीकॉप्टर तेज हवाओं या लैंडिंग के दौरान जमा हुई धूल के कारण क्रैश हो सकता है।
इस हादसे में घायल हुए शख्स की पहचान काजी बहादुर राय से हुई है। अन्य यात्री और चालक दल के सदस्य-जिनमें पायलट सबिन थापा भी शामिल थे-सुरक्षित बच निकले। कंपनी ने बताया कि बचाव कार्य के लिए कॉल साइन 9N-ANA वाला एक अन्य हेलीकॉप्टर घटनास्थल पर भेजा गया है। कंपनी के मैनेजर, बाल कृष्ण पंडित ने कहा, “उतरते समय हवा की गति कुछ ज्यादा थी, और धूल भी थी। हो सकता है कि इससे दृश्यता प्रभावित हुई हो और संतुलन बिगड़ गया हो। दुर्घटना का सटीक कारण तकनीकी जांच के बाद ही पता चल पाएगा।”
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



