Source :- LIVE HINDUSTAN
Cleaning Hacks: कुछ ही दिनों में वाइट शर्ट हो या कुर्ता इनपर पीलापन सा आ जाता है। इसके अलावा एक बार सफेद कपड़े पर दाग भी लग जाए तो उसे साफ करना बड़ा मुश्किल होता है। आज हम आपके साथ इसी से जुड़े कुछ क्लीनिंग हैक शेयर कर रहे हैं।
सफेद चमकदार कपड़े पहनना पसंद तो सभी को होता है, लेकिन जब ये सफेदी पीलेपन में बदल जाए तो सारा इंप्रेशन खराब हो जाता है। कई लोग तो ज्यादा सफेद कपड़े खरीदना भी इसलिए अवॉइड करते हैं, क्योंकि कुछ ही दिनों में वाइट शर्ट हो या कुर्ता इनपर पीलापन सा आ जाता है। इसके अलावा एक बार सफेद कपड़े पर दाग भी लग जाए तो उसे साफ करना बड़ा मुश्किल होता है। कॉलर या बाजुओं पर भी पसीने के पीले दाग भी लग जाते हैं, जो देखने में बड़े खराब लगते हैं। कुल मिलकर सफेद कपड़ों को चमकदार और साफ रखना चैलेंजिंग तो है। लेकिन आज मैं आपके साथ अपनी दादी के बताए कुछ टिप्स शेयर कर रही हूं, जो आपकी इस प्रॉब्लम को हमेशा के लिए दूर कर देंगे।
सफेद कपड़ों का पीलापन कैसे हटाएं?
कई बार रोज पहने जाने वाली सफेद शर्ट या कुर्ते पर पीलापन आ जाता है। इसके लिए नॉर्मल डिटर्जेंट काफी नहीं है। मेरी दादी बताती हैं कि पीले पड़ गए सफेद कपड़ों को धोने के लिए डिटर्जेंट के साथ थोड़ा सा बेकिंग सोडा और नींबू भी इस्तेमाल करें। इसके लिए आपको सबसे पहले जरूरत के हिसाब से पानी लेना है और उसे तेज गर्म कर लेना है। अब पानी में अपना रेगुलर डिटर्जेंट पाउडर एड करें, साथ में एक चम्मच बेकिंग सोडा (मीठा सोडा) और एक नींबू का रस भी मिलाएं।
इस घोल में आपको अपने सफेद कपड़े भिगोकर रखने हैं। आप 1-2 घंटे या फिर रातभर के लिए भी इन्हें रख सकते हैं, फिर इन्हें नॉर्मली हाथों से या मशीन में वॉश कर लें। जितना भी पीलापन है सारा गायब हो जाएगा और साथ ही कपड़े पर कैसे भी दाग हों या चिकनाई, वो भी साफ हो जाएंगे। धोने के बाद आप कपड़े को धूप में भी सुखा सकते हैं।
जिद्दी दाग रिमूव करने के लिए बनाएं स्टेन रिमूवर
अगर आपकी सफेद शर्ट या कुर्ते पर कोई भी जिद्दी दाग लग गया है, तो एक स्टेन रिमूवर आप घर में ही तैयार कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में थोड़ा सा बेकिंग पाउडर लें, उसमें नींबू का रस, सफेद सिरका और डिटर्जेंट मिलाकर एक पेस्ट तैयार कर लें। इसे दाग पर लगाएं और लगभग 1-2 घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद हाथों या ब्रश की मदद से रगड़ते हुए इसे धो लें, दाग बिल्कुल ही चला जाता है।
दूसरे कपड़े का रंग लग जाए तो क्या करें?
कोई दूसरा कपड़ा रंग छोड़ रहा है तो उसका कलर सफेद कपड़ों पर काफी जल्दी लग जाता है। अगर आपके किसी वाइट कपड़े पर कोई दूसरा रंग चढ़ गया है तो ये सिंपल सा हैक फॉलो करें। इसके लिए बाद एक बाल्टी में गुनगुना पानी लें, उसमें ईनो का पैकेट डालें और साथ में एक नींबू भी निचोड़ लें। हल्का सा डिटर्जेंट पाउडर मिक्स करें, फिर कपड़े को एक-डेढ़ घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें। बाद में हल्के हाथों से निचोड़ेंगी तो कपड़े से रंग खुद ही बाहर निकल जाएगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


