Source :- LIVE HINDUSTAN
नवरात्रि व्रत में हल्का और पौष्टिक खाना जरूरी होता है। व्रत वाले अप्पे एक हेल्दी और टेस्टी स्नैक हैं, जो प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होते हैं और आपको दिनभर एनर्जी देते हैं।
नवरात्रि के व्रत में अक्सर लोग तला-भुना या ज्यादा कार्ब्स वाला खाना खा लेते हैं जिससे जल्दी भूख लगती है और शरीर में थकान या आलस भी महसूस होने लगता है। ऐसे में व्रत वाले अप्पे एक बेहतरीन विकल्प हैं। ये हल्के, क्रिस्पी और पोषण से भरपूर होते हैं, जो आपको लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराते हैं।
क्यों खास हैं व्रत वाले अप्पे?
व्रत वाले अप्पे खास इसलिए होते हैं क्योंकि इनमें समा के चावल और साबूदाना का इस्तेमाल होता है, जो आमतौर पर व्रत में खाए जाते हैं। इसके साथ पनीर और सब्जियां मिला लेने से यह और ज्यादा हेल्दी बन जाते हैं। इसमें प्रोटीन, फाइबर और जरूरी मिनरल्स होते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देते हैं। सबसे खास बात, इन्हें आप कम तेल या घी के साथ भी बना सकते हैं।
आवश्यक सामग्री
समा के चावल (1 कप, भिगोए हुए)
साबूदाना (1/2 कप, भिगोया हुआ)
अदरक (छोटा टुकड़ा)
कद्दूकस किया हुआ पनीर (1/2 कप)
कद्दूकस की हुई गाजर (1/2 कप)
हरी मिर्च (2)
हरा धनिया (थोड़ा सा)
सेंधा नमक (स्वाद अनुसार)
जीरा पाउडर (1 चम्मच)
तेल (1 छोटा चम्मच)
बनाने की विधि
- सबसे पहले भिगोए हुए समा के चावल और साबूदाना को अदरक के साथ पीस लें। इससे एक स्मूद बैटर तैयार करें।
- अब इसमें हरी मिर्च और सेंधा नमक डालें।
- जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाएं और बैटर को कुछ देर के लिए रख दें, ताकि यह अच्छे से सेट हो जाए।
- इसके बाद इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर और हरा धनिया डालकर अच्छे से मिलाएं।
- अब अप्पे पैन को हल्का सा तेल लगाकर गरम करें। हर सांचे में बैटर डालें और धीमी आंच पर पकाएं।
- कुछ मिनट बाद अप्पों को पलट दें और दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन होने तक सेकें। जब ये अच्छे से क्रिस्पी हो जाएं, तो इन्हें प्लेट में निकाल लें।
हेल्थ बेनिफिट्स
ये अप्पे प्रोटीन से भरपूर होते हैं, जिससे शरीर को ताकत मिलती है। साबूदाना और समा के चावल से एनर्जी मिलती है, जबकि पनीर शरीर को कैल्शियम समेत अन्य पोषण देता है। कम तेल में बनने के कारण यह वजन बढ़ने का खतरा भी कम करते हैं।
व्रत में क्यों है परफेक्ट ऑप्शन?
अगर आप व्रत में कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट हो, पेट लंबे समय तक भरा रखे और वेट मैनेजमेंट में भी मदद करें, तो ये अप्पे परफेक्ट हैं। यह जल्दी बन जाते हैं और बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पसंद आते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


