Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/04/07/1200x900/dhurandhar_gaurav_gera_1775534800284_1775534800435.jpgगौरव गेरा को लंबे समय बाद धुरंधर जैसी फिल्म मिली तो वह अपनी दोस्त मोना सिंह को इस रोल के बारे में बताने लगे। मोना ने उन्हें ध्यान दिलाया कि नॉन डिसक्लोजर एग्रीमेंट साइन किया है और वह इस बारे में किसी को नहीं बता सकते।
धुरंधर के दोनों पार्ट्स में गौरव गेरा ने अहम किरदार निभाया है। उनकी दोस्त मोना सिंह ने बताया कि गौरव गेरा को लंबे इंतजार के बाद इतनी बड़ी सफलता मिली है। जब उन्हें धुरंधर ऑफर हुई तो वह अपने रोल के बारे में बताने के लिए काफी एक्साइटेड थे। मोना सिंह ने उन्हें याद दिलाया कि किसी को कुछ भी ना बताने के लिए उन्होंने एग्रीमेंट साइन किया है। मोना ने अपने जस्सी जैसी कोई नहीं वाले दिनों का उदाहण भी दिया।
गौरव ने किया लंबा इंतजार
मोना सिंह इंडिया टुडे से बात कर रही थीं। उन्होंने बताया कि धुरंधर मिलने के बाद गौरव गेरा बहुत एक्साइटेड थे। मोना बोलती हैं, ‘वह बहुत लंबे समय बाद कोई प्रोजेक्ट कर रहे थे। मुझे लगता है कि उन्होंने धुरंधर जैसी सफलता पाने के लिए करीब 10-15 साल इंतजार किया है।’
जब गौरव को मोना ने टोका
गौरव ने मोना को बताया था कि फिल्म में उनका कैरेक्टर और लुक कैसा होगा। वह बोलती हैं, ‘वह बड़े एक्साइटमेंट के साथ अपने लुक और ग्राफ के बारे में बता रहे थे, मैंने उनकी तरफ देखा और कहा, ‘हैलो, तुम्हें याद है कि नॉन डिसक्लोजर एग्रीमेंट साइन किया है? इस पर गौरव बोले, ‘हां पर तुझे ही तो बता रहा हूं।’ नहीं अगर तुम मुझे भी बता रहे हो तो भी ये सब शेयर नहीं करना चाहिए।” मोना ने कहा कि ये सारे एग्रीमेंट्स सीरियसली लेने चाहिए और किसी से पर्सनल बातचीत में भी साझा नहीं करने चाहिए।
दिया अपने सीरियल का उदाहरण
मोना सिंह ने बताया कि उनकी यह अडवाइस पर्सनल एक्सपीरियंस से आई थी। उन्होंने अपने जस्सी जैसी कोई नहीं सीरियल के शुरुआती दिन याद किए। शो में उनकी पहचान को लंबे समय तक छिपाकर रखा गया था। वह बताती हैं, ‘किसी किरदार को बनाने और नरेटिव के लिए एक प्रॉसेस होती है। आपको इसका सम्मान करना चाहिए और सबको सब बताने की जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। मैंने गौरव से कहा कि शांत रहें, तस्वीरें छिपा दें और उन्हें कहीं पोस्ट ना करें।’
कैसा था मोना सिंह का लुक
मोना ने बताया कि जस्सी जैसी कोई नहीं के समय उन्होंने किसी को बताने की कोशिश नहीं की थी कि वह सच में कैसी दिखती हैं। बता दें कि जस्सी जैसी कोई नहीं सीरियल में जब मोना सिंह आईं तो उन्हें कोई नहीं जानता था। उन्हें बहुत ही साधारण दिखने वाली लड़की के लुक में दिखाया गया था। जिसकी आइब्रो मोटी, दांतो पर ब्रेसेज, आंखों पर मोटा चश्मा था। उस वक्त लोगों में क्यूरिऑसिटी थी कि आखिर वह रियल लाइफ में कैसी दिखती हैं। बता दें कि जस्सी जैसी कोई नहीं शो में गौरव गेरा मोना सिंह के दोस्त नंदू बने थे।
धुरंधर में गौरव का अहम रोल
धुरंधर में गौरव गेरा मोहम्मद आलम के रोल में हैं। वह दोनों पार्ट में हैं और उनका रोल काफी अहम है। गौरव भी फिल्म में इंडिया के एजेंट बने हैं। रणवीर सिंह जब हमजा बनकर पाकिस्तान आते हैं तो आलम उन्हें पनाह देते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



