Source :- LIVE HINDUSTAN
Kitchen Hacks: घर पर किसी भी तरीके से दही जमा लो, वो बिल्कुल ही पतली सी रहती है। लेकिन मसाला किचन वाली पूनम देवनानी ने एक कमाल का तरीका शेयर किया है, जिससे आप 1-2 घंटे में ही गाढ़ी मलाईदार दही जमा सकते हैं।
दही का इस्तेमाल हमारी रसोई में आम है। खासतौर से गर्मियों में तो दही और भी ज्यादा कंज्यूम की जाती है। इसके लिए घर पर ही दही जमाना सही रहता है। ये प्रॉसेस तो काफी सिंपल होता है लेकिन इसमें टाइम काफी ज्यादा लग जाता है। रात भर के लिए अगर दही रखना भूल गए तो सुबह फिर मार्केट वाली दही ही खानी पड़ती है। दूसरी परेशानी ये है कि घर वाली दही गाढ़ी नहीं जमती। मार्केट वाली दही थक्केदार होती है जो खाने में भी टेस्टी लगती है। लेकिन घर पर किसी भी तरीके से दही जमा लो, वो बिल्कुल ही पतली सी रहती है। खासतौर से गर्मियों में तो दही पानी छोड़ देती है या खूब खट्टी जमती है। आज हम आपके लिए इन दोनों परेशानियों का सॉल्यूशन ले कर आए हैं। मसाला किचन वाली पूनम देवनानी ने एक कमाल का तरीका शेयर किया है, जिससे आप 1-2 घंटे में ही गाढ़ी मलाईदार दही जमा सकते हैं। आइए देखते हैं-
दही जमाने के लिए फुल क्रीम दूध इस्तेमाल करें
गाढ़ी दही जमाने के लिए दूध भी गाढ़ा होगा तो अच्छा रहेगा। आप फुल क्रीम दूध या गाय के दूध का इस्तेमाल कर सकते हैं। इनकी जगह अगर आप टोंड दूध ले रहे हैं तो उसे उबलने के बाद धीमी आंच पर 4-5 मिनट के लिए और पका लें। इससे दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाएगा और दही भी अच्छी जमेगी।
दही जमाने के लिए मिट्टी का बर्तन इस्तेमाल करें
गर्मियों में दही जमाने के लिए मिट्टी के बर्तन का इस्तेमाल करना अच्छा रहता है। इसमें दही गाढ़ी और स्वादिष्ट भी जमती है और अगर आप एक ही बर्तन में रोजाना दही जमाते हैं, तो फिर टाइम भी काफी कम लगने लगता है। मिट्टी का बर्तन पहले बार यूज कर रहे हैं तो रातभर के लिए इसमें पानी भरकर जरूर रखें।
हलवाई वाली इस ट्रिक से लगाएं जामन
दही जमाने के लिए हमेशा हल्के गुनगुने दूध का इस्तेमाल करें। अब इसमें जामन लगाने के लिए आपको हलवाई वाली ट्रिक फॉलो करनी है। इसके लिए एक कटोरी में दो चम्मच दही लें, फिर इसमें थोड़ा सा दूध मिलाएं और एक व्हिस्कर की मदद से अच्छी तरह व्हिस्क करें। अब इस जामन को बाकी दूध में डाल दें। इस तरह मथकर जामन डालने से दही बिल्कुल गाढ़ी और मलाईदार जमती है।
थोड़ा सी हवा लगने देना जरूरी है
दूध में जामन लगाकर उसे पूरी तरह ढककर नहीं रखना चाहिए। आप दूध के बर्तन को थोड़ा सा खुला हुआ छोड़ सकते हैं, ताकि उसे थोड़ी सी हवा लगती रहे। पूरी तरह ढकना चाहते हैं तो पहले किसी छलनी जैसे छेद वाले बर्तन से ढक दें, फिर ऊपर से कोई बड़ी परात ढक दें। ऐसा करने से एकदम मलाईदार दही जमती है।
1-2 घंटे में कैसे जमेगी दही?
मिट्टी के बर्तन में अगर आप पहली बार दही जमा रहे हैं तो लगभग 6 घंटे का समय लग सकता है। इसके बाद दही को फ्रिज में रखकर ठंडा होने दें, फिर गाढ़ी दही एंजॉय करें। अगर आप इसी बर्तन में बार बार दही जमाते हैं तो पहले चार फिर धीरे-धीरे डेढ़ से दो घंटे में ही आपकी बढ़िया थक्केदार दही जमकर तैयार हो जाएगी।
(Images Credit- Pinterest)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


