Source :- LIVE HINDUSTAN
Iran US War: ईरान के कई द्वीप रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनमें खार्ग द्वीप विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह ईरान के प्रमुख तेल निर्यात टर्मिनलों में से एक है। इसके अलावा कुछ द्वीपों पर ईरान के सैन्य अड्डे भी मौजूद हैं।
Iran US War: मध्य-पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कलीबाफ ने गुरुवार (12 मार्च ) को अमेरिका को दो टूक चेतावनी दी है कि अगर फारस की खाड़ी में स्थित ईरानी द्वीपों पर किसी भी प्रकार का हमला किया गया तो ईरान संयम भूल जाएगा और फारस की खाड़ी को हमलावरों के खून से रंग देगा। क़लिबाफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखे संदेश में कहा कि अगर ईरानी द्वीपों को निशाना बनाया गया तो फारस की खाड़ी हमलावरों के खून से भर जाएगा। यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में सैन्य तनाव लगातार बढ़ रहा है।
ईरान ने आज भी इराकी तट के पास दो विदेशी तेल टैंकरों पर हमला करके तेल आपूर्ति को बाधित करने की कोशिश की है। ब्रिटेन की मैरीटाइम एजेंसी ने कहा है कि फारस की खाड़ी में एक और जहाज पर हमला हुआ, जो पिछले दो दिनों में छठा हमला है।
ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम हैं द्वीप
बता दें कि ईरान के कई द्वीप रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनमें खार्ग द्वीप विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह ईरान के प्रमुख तेल निर्यात टर्मिनलों में से एक है। इसके अलावा कुछ द्वीपों पर ईरान के सैन्य अड्डे भी मौजूद हैं। इनके अलावा फारस की खाड़ी और अरब सागर को जोड़ने वाले होर्मुज स्ट्रेट के प्रवेश द्वार पर स्थित कुछ छोटे द्वीप भी वैश्विक ध्यान का केंद्र बने हुए हैं।
वैश्विक ऊर्जा बाजार पर असर की आशंका
इनमें अबू मसा और ग्रेटर टुंब आइलैंड दशकों से ईरान और यूनाइटेड अरब अमीरात के बीच इलाके में विवाद के केंद्र रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जो भी इन द्वीपों को कंट्रोल करता है, उसका ग्लोबल एनर्जी फ्लो पर मज़बूत पकड़ होती है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन द्वीपों का नियंत्रण अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इनके पास से गुजरने वाला होरमुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। अगर इस क्षेत्र में संघर्ष बढ़ता है तो इसका असर वैश्विक तेल कीमतों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी पड़ सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



