Home विश्व समाचार ड्रग सरगना मेंचो हुआ ढेर तो सुलग उठा मैक्सिको, 20 राज्यों में...

ड्रग सरगना मेंचो हुआ ढेर तो सुलग उठा मैक्सिको, 20 राज्यों में गृहयुद्ध जैसे हालात; US ने जारी किया अलर्ट

11
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मेक्सिको के जलिस्को राज्य में सबसे ज्यादा हिंसा हुई, जहां छह अलग-अलग हमलों में 25 नेशनल गार्ड सदस्य, एक जेल गार्ड, एक सरकारी अधिकारी और एक महिला सहित कई लोग मारे गए। कुल मिलाकर दर्जनों अपराधी भी मारे गए हैं। 

मेक्सिको में एक बड़ी घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल के प्रमुख और दुनिया के सबसे खतरनाक ड्रग लॉर्ड्स में से एक नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वांटेस की मौत हो गई है। उसे एल मेंचो के नाम से जाना जाता है। यह घटना 22 फरवरी को जलिस्को राज्य के तपालपा शहर में मैक्सिकन सेना के स्पेशल ऑपरेशन में हुई। सेना की स्पेशल फोर्सेस, एयर फोर्स और नेशनल गार्ड ने मिलकर यह ऑपरेशन चलाया, जिसमें अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की मदद भी ली गई। एल मेंचो के साथ 8 अन्य कार्टेल सदस्य मारे गए।

मैक्सिकन रक्षा मंत्री और राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाउम ने इन मौतों की पुष्टि की और व्हाइट हाउस ने भी अमेरिकी सहयोग की बात कही है। यह मैक्सिको के लिए नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी जीत मानी जा रही है, क्योंकि एल मेंचो लंबे समय से फरार था और फेंटेनिल तस्करी का मास्टरमाइंड था। एल मेंचो की मौत के बाद CJNG के सदस्यों ने बदले की कार्रवाई शुरू कर दी, जिससे पूरे मैक्सिको में हिंसा की लहर दौड़ गई। 20 राज्यों में 250 से ज्यादा सड़क ब्लॉकेड लगाए गए, बसों व दुकानों में आग लगाई गई और सुरक्षा बलों पर हमले किए गए।

जलिस्को में सबसे अधिक हिंसा

जलिस्को राज्य में सबसे ज्यादा हिंसा हुई, जहां छह अलग-अलग हमलों में 25 नेशनल गार्ड सदस्य, एक जेल गार्ड, एक सरकारी अधिकारी और एक महिला सहित कई लोग मारे गए। कुल मिलाकर दर्जनों अपराधी भी मारे गए हैं। कई शहरों में कर्फ्यू लगा दिया गया, फुटबॉल मैच रद्द कर दिए गए और लोग घरों में कैद हो गए। मैक्सिकन सरकार ने 2,500 अतिरिक्त सैनिक तैनात किए हैं। राष्ट्रपति शीनबाउम ने कहा कि शांति और सामान्य स्थिति बहाल की जा रही है। जानकारों का मानना है कि CJNG में उत्तराधिकार की लड़ाई छिड़ सकती है, जिससे और हिंसा बढ़ सकती है।

US ने अपने नागरिकों से क्या कहा

इस हिंसा का सबसे ज्यादा असर पर्यटन पर पड़ा है, खासकर प्यूर्टो वालार्टा जैसे लोकप्रिय बीच टूरिस्ट स्थलों पर। इस बीच, अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट ने अमेरिकी नागरिकों को घरों या होटलों में रहने की सलाह दी है। कई अमेरिकी एयरलाइंस ने प्यूर्टो वालार्टा के लिए उड़ानें रद्द कर दीं, जिससे सैकड़ों पर्यटक फंस गए। अमेरिकी पर्यटकों ने खाने-पीने और परिवार से संपर्क की समस्या बताई है। मैक्सिको में अमेरिकी सबसे ज्यादा पर्यटक आते हैं, इसलिए यह संकट उनके लिए बड़ा झटका है। हवाई अड्डों पर अफरातफरी मच गई और कई लोग परिवार से अलग हो गए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN