Source :- LIVE HINDUSTAN
गौतम अडानी अपने तेजी से बढ़ रहे डेटा सेंटर बिजनेस में पार्टनरशिप के लिए मेटा प्लेटफॉर्म्स और गूगल जैसी अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों से बातचीत कर रहे हैं। इसके अलावा, वॉलमार्ट की कंपनी फ्लिपकार्ट भी अडानी समूह से बातचीत कर रही है।
भारतीय अरबपति गौतम अडानी अपने तेजी से बढ़ रहे डेटा सेंटर बिजनेस में पार्टनरशिप के लिए मेटा प्लेटफॉर्म्स और गूगल जैसी अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों से बातचीत कर रहे हैं। इसके अलावा, वॉलमार्ट की कंपनी फ्लिपकार्ट भी अडानी समूह से बातचीत कर रही है। ब्लूमबर्ग की खबर में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि इन डेटा सेंटर के लिए अडानी ग्रुप भारत के अलग-अलग राज्यों में जगहों की तलाश कर रहा है। बता दें कि डेटा सेंटर के लिए पहल अडानी के 100 अरब डॉलर के बड़े डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार का हिस्सा है। इसका मकसद अडानी ग्रुप को हाइपरस्केल सुविधाओं के लिए जरूरी जमीन और रिन्यूएबल एनर्जी, दोनों के सप्लायर के तौर पर स्थापित करना है। ये ऐसे संसाधन हैं जो दुनिया भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लाउड सेवाओं के लिए बेहद जरूरी हैं। हालांकि अभी इन प्रोजेक्ट्स के लिए अंतिम स्थान तय नहीं हुए हैं और बातचीत शुरुआती चरण में है लेकिन यह कदम भारत में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को दिखाता है।
अडानी का डेटा सेंटर बिजनेस
अडानी ग्रुप का डेटा सेंटर बिजनेस AdaniConnex Pvt. के जरिए संचालित होता है, जो अडानी एंटरप्राइजेज और EdgeConneX का जॉइंट वेंचर है। अक्टूबर में इसने गूगल के साथ साझेदारी का ऐलान किया था, जिसके तहत विशाखापत्तनम में देश का सबसे बड़ा AI इंफ्रास्ट्रक्चर हब बनाने के लिए करीब 15 अरब डॉलर का निवेश किया जा रहा है।
मुकेश अंबानी का भी दांव
मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपने डिजिटल Connexion वेंचर के जरिए 11 अरब डॉलर का डेटा सेंटर प्रोजेक्ट साइन किया है। वहीं, टीसीएस को TPG इंक से 1 अरब डॉलर का निवेश मिला है। ग्लोबल स्तर पर भी कंपनियां भारत में निवेश बढ़ा रही हैं। अमेरिका की ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन इंक 2030 तक क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर में 12.7 अरब डॉलर निवेश की योजना बना रही है जबकि ओपन AI एक गीगावॉट क्षमता वाला डेटा सेंटर स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।
विप्रो ने एआई पर किया ऐलान
हाल ही में विप्रो ने उद्यम स्तर पर एआई को तेजी से अपनाने के लिए अपना एआई-डाटा सेंटर सॉल्यूशन पेश करने की घोषणा की। यह सॉल्यूशन मुख्य डाटा सेंटर स्ट्रक्चर और कस्टमर एक्सपीरियंस परिचालन को आधुनिक बनाने में भी मदद करेगा। विप्रो का एआई-डाटा सेंटर सॉल्यूशन, विप्रो इंटेलिजेंस के साथ एनवीडिया के एआई एंटरप्राइज प्लेटफॉर्म को जोड़ता है ताकि एआई आधारित सर्विसेज और बदलाव लाने वाले सॉल्यूशंस का एकीकृत समूह उपलब्ध कराया जा सके।
विप्रो में क्लाउड, इंफ्रा स्ट्रक्चर और सुरक्षा सेवाओं के वैश्विक व्यवसाय प्रमुख सतीश यादवल्ली ने कहा कि एनवीडिया-संचालित हमारे एआई-डाटा सेंटर समाधान के पेश होने के साथ, हम संगठनों को उनके डाटा सेंटर को आधुनिक बनाने, एआई-आधारित कार्यभार के लिए तैयार करने और विभिन्न कारोबारी विभागों में एआई समाधानों को सुरक्षित रूप से लागू और प्रबंधित करने में सहायता कर पाएंगे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



