Home  लाइफस्टाइल समाचार ठंडे पानी के लिए करते हैं मटके का इस्तेमाल तो भूलकर भी...

ठंडे पानी के लिए करते हैं मटके का इस्तेमाल तो भूलकर भी ना करें ये 5 गलतियां, पड़ जाएंगे बीमार

12
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Mistakes to avoid while using matka : मिट्टी के घड़े के पानी की मिठास का फायदा तभी मिलता है जब इसके रखरखाव में पूरी सावधानी बरती गई हो। थोड़ी सी भी लापरवाही आपकी सेहत को फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकती है।

गर्मियां शुरू होते ही कई परिवार ठंडे पानी के लिए फ्रिज की जगह मिट्टी के घड़े का ऑप्शन चुनना ज्यादा पसंद करते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि फ्रिज का पानी पीने से कई लोगों को गले में दर्द की शिकायत होने लगती है। ऐसे में मिट्टी के मटके का सोंधा पानी अमृत जैसा महसूस होता है। गर्मियों का यह ‘देसी फ्रिज’ न केवल पानी को प्राकृतिक रूप से ठंडा रखता है, बल्कि इसके क्षारीय (alkaline) गुण शरीर के पीएच लेवल को संतुलित रखने में भी जादुई असर दिखाते हैं। हालांकि मिट्टी के घड़े के पानी की मिठास का फायदा तभी मिलता है जब इसके रखरखाव में पूरी सावधानी बरती गई हो। जी हां, थोड़ी सी भी लापरवाही आपकी सेहत को फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकती है। आइए जानते हैं मटके का पानी यूज करते समय किन गलतियों को करने से बचना चाहिए।

मटके का पानी यूज करते समय बरतें ये सावधानियां

सफाई का रखें ख्याल: मटके को हर 2-3 दिन में खाली करके सिर्फ साफ पानी से रगड़कर धोएं। साबुन या डिटर्जेंट का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, क्योंकि ऐसा करने से मटके के रोमछिद्र केमिकल सोख सकते हैं।

हाथों का संपर्क बचाएं: मटके से पानी निकालने के लिए सीधे हाथ या गिलास न डुबोएं। हमेशा लंबे हैंडल वाले ‘डोंगे’ या नल वाले मटके ही खरीदें। ऐसा करने से संक्रमण फैलने का खतरा कम हो जाता है।

स्थान का चुनाव: मटके को कभी भी सीधी धूप में न रखें। धूप से पानी गर्म तो होगा ही, साथ ही मिट्टी के प्राकृतिक गुणों पर भी असर पड़ता है। इसे घर के सबसे ठंडे और छायादार कोने में रखना ही सबसे बेहतर है। इसके अलावा मटके को गीली बोरी या कपड़े से लपेटकर रखने पर वाष्पीकरण (evaporation) बेहतर होता है, जिससे पानी अधिक ठंडा और शुद्ध बना रहता है।

पुराना मटका बदलें: मिट्टी के मटके की भी एक शेल्फ लाइफ होती है। समय के साथ इसके सूक्ष्म छिद्र बंद हो जाते हैं, जिससे पानी ठंडा होना कम हो जाता है। बेहतर स्वास्थ्य और ताजगी के लिए हर साल नया मटका लेना अच्छा उपाय हो सकता है।

ढक्कन की शुद्धता: अक्सर हम मटके की सफाई तो कर देते हैं, लेकिन उसके ढक्कन को नजरअंदाज कर देते हैं। मटके को हमेशा एक ऐसी प्लेट या ढक्कन से ढकें जो पूरी तरह फिट हो, ताकि धूल-मिट्टी या कीड़े पानी के अंदर न जा सकें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN