Home विश्व समाचार ट्वीट से नहीं जीती जाती है जंग, चुकानी होगी कीमत; डोनाल्ड ट्रंप...

ट्वीट से नहीं जीती जाती है जंग, चुकानी होगी कीमत; डोनाल्ड ट्रंप को ईरान की बड़ी धमकी

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इससे पहले ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने पहला बयान जारी कर कहा है कि ईरान अपने खाड़ी अरब के पड़ोसियों पर हमले जारी रखेगा और होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के रणनीतिक लाभ भी उठाएगा।

US-Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह से जारी युद्ध के बाद जहां एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यह कह रहे हैं कि युद्ध लगभग खत्म होने की कगार पर है, ईरान की तरफ से ऐसे कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं। ईरान ने अमेरिका के सामने कई शर्तें भी रखी हैं और कहा है कि इन शर्तों को मनाना ही युद्ध को खत्म करने का एकमात्र तरीका है। इस बीच अब ईरान ने डोनाल्ड ट्रंप को एक बार फिर बड़ी धमकी दे दी है। ईरान ने तंज कसते हुए कहा है कि कुछ ट्वीट करके जंग नहीं जीती जा सकती और ट्रंप को युद्ध शुरू करने की कीमत चुकानी ही होगी।

ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी, अली लारीजानी ने गुरुवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में यह चेतावनी दी। लारीजानी ने कहा कि ट्रंप को जंग शुरू करने की गंभीर लापरवाही के लिए नतीजे भुगतने होंगे। लारीजानी ने लिखा, “ट्रंप कहते हैं कि वह जल्द जीत की तलाश में हैं। हालांकि जंग शुरू करना आसान है, लेकिन इसे कुछ ट्वीट्स से नहीं जीता जा सकता। हम तब तक पीछे नहीं हटेंगे जब तक हम आपको इस गलती के लिए पछताने पर मजबूर नहीं कर देते।” लारजिनी ने अपनी पोस्ट में #TrumpMustPay हैशटैग का भी इस्तेमाल किया।

ईरान की तरफ से यह धमकी ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के पहले सार्वजिनक बयान के बाद आई है। अपने पिता की जगह यह पद संभालने वाले मोजतबा ने गुरुवार को पहला बयान जारी कर कहा है कि ईरान खाड़ी अरब के देशों पर हमले जारी रखेगा और होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के रणनीतिक लाभ का इस्तेमाल अमेरिका व इजराइल के खिलाफ दबाव के लिए करेगा।

ईरान की सरकारी टेलीविजन पर शीर्ष नेता खामेनेई का बयान पढ़ा गया। इस दौरान खामेनेई कैमरे के सामने नहीं आए। बता दें कि युद्ध शुरू होने के बाद से खामेनेई को सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है। अपने बयान में उन्होंने ईरानी स्कूल पर हुए हमले में मारे गए 165 लोगों समेत युद्ध में मारे गए लोगों का बदला लेने का संकल्प जताया। इस बीच ईरान के राष्ट्रपति ने कहा है कि जब तक ईरान को किसी अन्य हमले के खिलाफ सुरक्षा गारंटी नहीं मिल जाती, तब तक उसके हमले जारी रहेंगे। वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने काम पूरा होने का दावा किया है। उन्होंने दावा किया है कि ईरान लगभग पूरी तरह से नष्ट हो चुका है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN