Home राष्ट्रीय समाचार टी-20 वर्ल्ड कप: क्या वेस्ट इंडीज़ ने भारत का खेल बिगाड़...

टी-20 वर्ल्ड कप: क्या वेस्ट इंडीज़ ने भारत का खेल बिगाड़ दिया है?

5
0

Source :- BBC INDIA

ज़िम्बाब्वे का एक विकेट गिरने के बाद शिमरोन हेटमायर और अकील होसेन जश्न मनाते हुए

इमेज स्रोत, Indranil MUKHERJEE / AFP via Getty Images

सारांश

  • वेस्ट इंडीज़ ने स्कॉटलैंड को 35 रनों से हराया
  • इंग्लैंड को 30 रन से हराया
  • नेपाल को 9 विकेट से हराया
  • इटली को 42 रन से हराया
  • ज़िम्बाब्वे को 107 रन से हराया

एक घंटा पहले

पढ़ने का समय: 4 मिनट

सोमवार को मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ वेस्ट इंडीज़ की धुआंधार बैटिंग का गवाह बना.

छक्कों और चौकों की बारिश ने मैदान में मौजूद दर्शकों का ख़ूब मनोरंजन किया.

दर्शकों में भारतीय क्रिकेट प्रेमी भी थे जो वेस्ट इंडीज़ की बल्लेबाज़ी का ख़ूब लुत्फ़ ले रहे थे लेकिन शायद उन्हें ये इल्म नहीं था कि वेस्ट इंडीज़ का हर चौका और छक्का टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की आगे की राह बेहद मुश्किल कर रहा है.

इससे पहले श्रीलंका ने 2007 में केन्या के ख़िलाफ़ 6 विकेट पर 260 रन बनाए थे.

वेस्ट इंडीज़ को मिली 107 रनों की विशाल जीत और इसने भारत के लिए सेमीफ़ाइनल में पहुंचने का रास्ता बेहद मुश्किल कर दिया है.

सुपर-8 स्टेज में ग्रुप 1 में भारत, दक्षिण अफ़्रीका, ज़िम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज़ की टीमें हैं.

चारों ने एक-एक मैच खेला है. जहां वेस्ट इंडीज़ और दक्षिण अफ़्रीका को जीत हासिल हुई है, वहीं भारत और ज़िम्बाब्वे को हार का सामना करना पड़ा है.

दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ़्रीका की टीम है जिसका नेट रन रेट 3.80 है.

वहीं -3.80 नेट रन रेट के साथ भारत तीसरे नंबर पर और -5.35 नेट रन रेट के साथ ज़िम्बाब्वे आख़िरी नंबर पर है.

भारत की राह अब बेहद मुश्किल

शिमरोन हेटमायर ने 34 गेंदों पर 7 छक्कों और 7 चौकों के साथ 85 रन बनाए

इमेज स्रोत, Nikhil Patil/Getty Images

नेट रन रेट के खेल ने भारत की राह बड़ी कठिन कर दी है.

अब उसे अपने दोनों मैच (वेस्ट इंडीज़ और ज़िम्बाब्वे से) जीतने बेहद ज़रूरी हैं लेकिन इतने से बस काम नहीं चलने वाला है. दूसरे समीकरणों को भी भारत के माकूल होना होगा तब बात बनेगी.

पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा कहते हैं, “भारत अब तभी सेमीफ़ाइनल में पहुंच सकता है जब अहमदाबाद में होने वाले मैच में दक्षिण अफ़्रीका वेस्ट इंडीज़ को हरा दे. लेकिन अगर दक्षिण अफ़्रीका हारती है तो फिर हमें प्रार्थना करनी होगी कि ज़िम्बाब्वे, प्लीज़ दक्षिण अफ़्रीका को हरा दो. क्योंकि अगर ऐसी कोई सिचुएशन आती है कि भारत, वेस्ट इंडीज़ और दक्षिण अफ़्रीका, तीनों ने दो-दो मैच जीते तो फिर भारत के लिए कोई मौक़ा नहीं है क्योंकि भारत नेट रन रेट के आधार पर बहुत पीछे है.”

क्रिकेट एक्सपर्ट मान रहे हैं कि हालांकि ज़िम्बाब्वे की टीम ने इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन उसके लिए दक्षिण अफ़्रीका को हराना एक मुश्किल काम है.

वहीं वेस्ट इंडीज़ के मौजूदा फ़ॉर्म को देखते हुए दक्षिण अफ़्रीका के लिए भी उसे हराना आसान कतई नहीं होगा.

इस पूरे टूर्नामेंट में वेस्ट इंडीज़ की टीम छाई हुई है.

वो स्कॉटलैंड को 35 रनों से,इंग्लैंड को 30 रन से, नेपाल को 9 विकेट से, इटली को 42 रन से और ज़िम्बाब्वे को 107 रन से हरा चुकी है.

क्रिकेट एक्सपर्ट हर्षा भोगले ने एक्स पर लिखा है, “वेस्ट इंडीज़ सभी को बेहद कड़ा संदेश दे रही है.”

खेल पत्रकार विक्रांत गुप्ता ने एक्स पर लिखा, “भारत को वेस्ट इंडीज़ और ज़िम्बाब्वे से मैच जीतने ही होंगे. साथ ही अगर दक्षिण अफ़्रीका वेस्ट इंडीज़ को हरा दे तो भारत सेमीफ़ाइनल के लिए क्वालीफ़ाई कर लेगा. लेकिन अगर तीनों टीमों ने दो-दो मैच जीते तो नेट रन रेट में भारत इतना पिछड़ा है कि उसे टूर्नामेंट से बाहर होना होगा.”

तो मामला ये है कि वेस्ट इंडीज़ दक्षिण अफ़्रीका को हरा दे तो भारत के लिए गेम ओवर का ख़तरा बेहद बढ़ जाएगा.

यानी भारत को सुपर-8 के अपने बाक़ी दोनों मैचों में जीत के बावजूद दूसरे मैचों के परिणाम पर निर्भर रहना होगा.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS