Home व्यापार समाचार टाटा के इस शेयर में तेजी का तूफान, एक झटके में 1100...

टाटा के इस शेयर में तेजी का तूफान, एक झटके में 1100 करोड़ रुपये बढ़ गई रेखा झुनझुनवाला की दौलत

27
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

टाइटन के शेयर बुधवार को 5% से ज्यादा चढ़कर 4470 रुपये पर जा पहुंचे हैं। कंपनी के शेयरों में बुधवार को 239.30 रुपये का उछाल आया है। इस तूफानी तेजी से रेखा झुनझुनवाला की दौलत एक झटके में 1129 करोड़ रुपये बढ़ गई है।

टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाइटन के शेयरों में तूफानी तेजी आई है। टाइटन के शेयर बुधवार को BSE में 5 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 4470 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयरों ने 52 हफ्ते का अपना नया हाई बनाया है। टाइटन के शेयरों में यह तेज उछाल मार्च 2026 तिमाही के मजबूत बिजनेस अपडेट के बाद आया है। टाइटन के शेयरों में आई इस तेजी से दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला की दौलत एक झटके में 1100 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ गई है। शेयर मार्केट के ‘बिग बुल’ कहे जाने वाले राकेश झुनझुनवाला का भी टाइटन फेवरिट स्टॉक रहा है।

एक झटके में ऐसे 1100 करोड़ रुपये बढ़ी रेखा झुनझुनवाला की दौलत
दिग्गज इनवेस्टर रेखा झुनझुनवाला का टाइटन पर बड़ा दांव है। रेखा झुनझुनवाला के पास टाइटन के 47,184,470 शेयर हैं। टाटा ग्रुप की इस कंपनी में झुनझुनवाला की हिस्सेदारी 5.31 पर्सेंट है। टाइटन के शेयर मंगलवार को BSE में 4230.70 रुपये पर बंद हुए थे। वहीं, कंपनी के शेयर बुधवार को BSE में 4470 रुपये पर जा पहुंचे हैं। यानी, बुधवार को कंपनी के शेयरों में 239.30 रुपये का उछाल आया है। इस तूफानी तेजी से रेखा झुनझुनवाला की नेटवर्थ एक झटके में 1129 करोड़ रुपये बढ़ गई है। रेखा झुनझुनवाला, दिग्गज निवेशक रहे राकेश झुनझुनवाला की पत्नी हैं। राकेश झुनझुनवाला का 14 अगस्त 2022 को निधन हो गया था।

करीब 46% बढ़ा है घरेलू ज्वैलरी सेगमेंट
टाइटन कंपनी (Titan) का घरेलू ज्वैलरी सेगमेंट मार्च 2026 तिमाही में करीब 46 पर्सेंट बढ़ा है। तनिष्क ने भारत में 8 नए स्टोर्स जोड़े हैं। टाइटन का कंबाइंड रिटेल नेटवर्क 3603 स्टोर्स पहुंच गया है। कैरेटलेन में 24 पर्सेंट की ग्रोथ देखने को मिली है। वहीं, वॉचेज, आईकेयर और इमर्जिंग बिजनेस में क्रमश: 7 पर्सेंट, 16 पर्सेंट और 17 पर्सेंट की ग्रोथ देखने को मिली है। हालांकि, टाइटन की स्मार्ट वॉच कैटेगरी में 53 पर्सेंट की गिरावट आई है। पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले टाइटन का कंसॉलिडेटेड कंज्यूमर रेवेन्यू 46 पर्सेंट बढ़ा है। ब्रोकरेज फर्म सिटी ने टाइटन के शेयरों को न्यूट्रल रेटिंग दी है और कंपनी के शेयरों के लिए 4750 रुपये का टारगेट दिया है। यह बात सीएनबीसी-टीवी 18 की एक रिपोर्ट में कही गई है।

बोनस शेयर भी दे चुकी है टाइटन
टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर का तोहफा भी दे चुकी है। टाइटन ने जून 2011 में अपने निवेशकों को 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा। टाइटन ने जून 2011 में अपने शेयर का भी बंटवारा किया। टाइटन ने अपने शेयर को 10 टुकड़ों में बांटा। कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटा था। कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 52.90 पर्सेंट है, जबकि पब्लिक शेयरहोल्डिंग 47.02 पर्सेंट है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN