Home व्यापार समाचार टाटा की इस कंपनी को मिला 1755 करोड़ रुपये का नोटिस, ₹240...

टाटा की इस कंपनी को मिला 1755 करोड़ रुपये का नोटिस, ₹240 तक जा सकता है शेयर

14
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

टाटा स्टील लिमिटेड को झारखंड के रामगढ़ में डिस्ट्रिक्ट माइनिंग ऑफिस से 1,755.10 करोड़ रुपये का डिमांड नोटिस मिला है। सोमवार को टाटा स्टील के शेयर फोकस में रहेंगे। टाटा स्टील के शेयर की बात करें तो इसकी कीमत 194 रुपये के स्तर पर है। 

Tata Steel share price: टाटा ग्रुप की कंपनी- टाटा स्टील लिमिटेड को झारखंड के रामगढ़ में डिस्ट्रिक्ट माइनिंग ऑफिस से 1,755.10 करोड़ रुपये (लगभग 189 मिलियन डॉलर) का डिमांड नोटिस मिला है। कंपनी ने शनिवार को एक रेगुलेटरी फाइलिंग में यह जानकारी दी। इस खबर के बाद अब सोमवार को टाटा स्टील के शेयर फोकस में रहेंगे। टाटा स्टील के शेयर की बात करें तो इसकी कीमत 194 रुपये के स्तर पर है। शेयर के फ्यूचर को लेकर एक्सपर्ट बुलिश हैं।

क्या है डिमांड नोटिस में?

यह नोटिस वित्त वर्ष 2000-01 से वित्त वर्ष 2006-07 के बीच कंपनी की वेस्ट बोकारो कोलियरी से कथित तौर पर तय सीमा से ज्यादा कोयला निकालने से जुड़ा है। स्टॉक एक्सचेंजों को जारी बयान के अनुसार 30 मार्च 2026 की तारीख वाला यह नोटिस कंपनी को 3 अप्रैल को मिला। इसमें आरोप लगाया गया है कि टाटा स्टील ने तय समय के दौरान तय सीमा से लगभग 1,62,40,399 मीट्रिक टन ज्यादा कोयला निकाला। टाटा स्टील ने कहा कि वह इस मांग के आधार से सहमत नहीं है और उसने इन आरोपों का खंडन किया है। कंपनी ने अपनी स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि प्रबंधन का मानना ​​है कि इस मांग का कोई औचित्य या ठोस आधार नहीं है। स्टील बनाने वाली इस कंपनी ने आगे कहा कि वह इस नोटिस के खिलाफ उचित कानूनी कदम उठाएगी।

ब्रोकरेज है बुलिश

हाल ही में घरेलू ब्रोकरेज आनंद राठी ने अलग-अलग तरह के स्टील बनाने वाली कंपनी टाटा स्टील की रेटिंग को ‘Buy’ (खरीदें) में अपग्रेड कर दिया है। इसके पीछे उन्होंने दुनिया भर में कीमतों के बेहतर होते रुझानों और कमाई की मजबूत होती संभावनाओं का हवाला दिया है। ब्रोकरेज के अनुसार, यूरोप में कीमतों का स्थिर होना, देश के अंदर मजबूत मांग, बेहतर होता प्रोडक्ट मिक्स और अप्रैल 2026 से ऑटोमोटिव कॉन्ट्रैक्ट्स में कीमतों में बढ़ोतरी की उम्मीद के मेल से कंपनी के मार्जिन में बढ़ोतरी होगी।

इन बातों को ध्यान में रखते हुए ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2026, 2027 और 2028 के लिए अपने EBITDA अनुमानों को क्रमशः 3.1 प्रतिशत, 7.6 प्रतिशत और 5.6 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है। ब्रोकरेज ने टारगेट प्राइस को संशोधित करके ₹240 कर दिया है। इस टारगेट का मतलब है कि शेयर अपनी पिछली क्लोजिंग प्राइस से करीब 24 प्रतिशत उछल सकता है।

कैसे रहे दिसंबर तिमाही के नतीजे

टाटा स्टील के दिसंबर तिमाही नतीजे की बात करें तो 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3FY26) में उसका नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 723.1 प्रतिशत बढ़कर ₹2,688.70 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी अवधि में इस बड़ी स्टील कंपनी का नेट प्रॉफिट ₹326.64 करोड़ था। इस तिमाही कंसोलिडेटेड आधार पर कुल रेवेन्यू ₹57,002.40 करोड़ रहा, जो सालाना आधार पर 6.3 प्रतिशत ज्यादा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN