Source :- LIVE HINDUSTAN
गोल्ड और टाइटन के पिछले 16 साल के रिटर्न की बात करें तो टाइटन के शेयरों में लगाए गए 1 लाख रुपये अब 44 लाख रुपये से ज्यादा हो गए हैं। वहीं, 1 लाख रुपये से खरीदे गए गोल्ड के दाम अब 8 लाख रुपये के ऊपर पहुंच गए हैं।
गोल्ड को सबसे सुरक्षित निवेश विकल्पों में से एक माना जाता है। निवेशकों को मालामाल करने के मामले में भी गोल्ड का कोई जवाब नहीं है। हालांकि, अगर आप जोखिम उठा सकते हैं तो मजबूत फंडामेंटल्स वाली कंपनियों के शेयरों में भी आपको छप्परफाड़ रिटर्न मिल सकता है। हमने गोल्ड और शेयर के रिटर्न की एक तुलना करने की कोशिश की है। हालांकि, दोनों बिल्कुल अलग-अलग निवेश विकल्प हैं और दोनों के अपने नफा-नुकसान हैं। हमने गोल्ड और ज्वैलरी बिजनेस से जुड़ी टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन के शेयरों में 1-1 लाख रुपये के निवेश के आधार पर कैलकुलेशन किया है। निवेश की अवधि हमने 16 साल रखी है तो आइए जानते हैं कि गोल्ड और टाटा ग्रुप के स्टॉक टाइटन, किसने निवेशकों को ज्यादा रिटर्न दिया।
टाइटन के शेयरों में लगाए गए 1 लाख रुपये अब बने 44 लाख से ज्यादा
टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन के शेयर 20 अप्रैल 2010 को NSE में 2046.10 रुपये पर थे। अगर किसी व्यक्ति ने 20 अप्रैल 2010 को टाइटन (Titan) के शेयरों में 1 लाख रुपये लगाए होते तो उसे कंपनी के 48 शेयर मिलते। टाइटन ने जून 2011 में अपने शेयरधारकों को 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर दिया। साथ ही, टाइटन ने जून 2011 में ही 10:1 के रेशियो में अपने शेयर का बंटवारा (स्टॉक स्प्लिट) किया। बोनस शेयर और स्टॉक स्प्लिट जोड़ लें तो शेयरों की कुल संख्या 960 पहुंच जाती है। टाइटन के शेयर शुक्रवार 10 अप्रैल 2026 को NSE में 4,505 रुपये पर बंद हुए हैं। इस हिसाब से 960 शेयरों की मौजूदा वैल्यू 44.86 लाख रुपये होती है।
गोल्ड में लगाए गए 1 लाख रुपये अब बन गए 8 लाख रुपये से ज्यादा
गोल्ड ने भी अपने निवेशकों को तगड़ा रिटर्न दिया है। पिछले दिनों ही गोल्ड के दाम 1,75,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊपर पहुंच गए थे। अगर 16 साल पहले गोल्ड में लगाए गए 1 लाख रुपये का कैलकुलेशन देखें तो अप्रैल 2010 में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 18,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। 1 लाख रुपये के निवेश से उस समय 54 ग्राम के करीब गोल्ड आता। 10 अप्रैल 2026 को 24 कैरेट गोल्ड का रेट 1,51,620 रुपये प्रति 10 ग्राम था। इस हिसाब से 54 ग्राम गोल्ड की मौजूदा वैल्यू 8.19 लाख रुपये है।
टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन और गोल्ड के पिछले 16 साल के रिटर्न की बात करें तो टाइटन के शेयरों ने 44 लाख रुपये से ज्यादा का रिटर्न दिया। वहीं, 1 लाख रुपये से खरीदे गए गोल्ड के दाम अब बढ़कर 8 लाख रुपये के ऊपर पहुंच गए हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



