Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Getty Images
अपडेटेड 5 मिनट पहले
पढ़ने का समय: 4 मिनट
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 के मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हराया.
भारत की ओर से मिले 257 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 184 रन ही बना पाई.
जिम्बाब्वे के ओपनर ब्रायन बेनेट ने 97 रन की नाबाद पारी खेली. लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला पाई. भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने चार ओवर में 24 रन खर्च कर तीन विकेट लिए.
चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 256 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया.
भारत के लिए हार्दिक पंड्या और अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक लगाए. हार्दिक पंड्या को उनकी इस परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत की ओर से मिले 257 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद धीमी रही. जिम्बाब्वे के ओपनर पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 44 रन बनाए.
लेकिन जिम्बाब्वे पर धीमी शुरुआत की वजह से तेजी से रन बनाने का दबाव भी बढ़ा. दो मैचों के बाद वापसी करने वाले अक्षर पटेल ने जिम्बाब्वे की पारी के सातवें ओवर में गेंदबाजी का जिम्मा संभाला और दूसरी गेंद पर ही भारत को पहली सफलता दिलाई.
उन्होंने तडिवनाशे मारुमानी को आउट किया. तडिवनाशे ने 20 गेंद में 20 रन बनाए. हालांकि दूसरे ओपनर ब्रायन बेनेट ने इसके बाद तेजी से रन बनाने की कोशिश की. उन्होंने 9वें ओवर दो छक्कों और एक चौके समेत 17 रन स्कोर किए.
लेकिन अगले ओवर की तीसरे गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने डिओन मेयर्स को आउट कर जिम्बाब्वे को दोबारा जवाब में ला दिया.
लेकिन ब्रायन बेनेट क्रीज पर डटे रहे और उन्होंने 34 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की. ये इस वर्ल्ड कप में उनका तीसरा अर्धशतक था.
ब्रायन बेनेट को कप्तान सिकंदर रजा का अच्छा साथ मिला. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 41 गेंद में 72 रन की पार्टनरशिप हुई. लेकिन 31 के स्कोर पर अर्शदीप सिंह ने सिकंदर रजा को पवेलियन वापस भेज दिया.
17 ओवर में हालांकि जिम्बाब्वे ने हालांकि चार विकेट गंवाकर 152 रन बना लिए थे. लेकिन जिम्बाब्वे काफी पहले ही मैच जीतने की रेस से बाहर हो चुका था.
ब्रायन बेनेट 59 गेंद में 97 रन बनाकर नाबाद रहे. उनकी पारी में 8 चौके और 6 चौके शामिल रहे.
भारत के लिए अर्शदीप सिंह के अलावा अक्षर, वरुण और शिवम दुबे ने एक-एक विकेट लिया.
इमेज स्रोत, Getty Images
मैच में टूटे कई बड़े रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत ने अपना उच्च स्कोर बनाया. इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप में भारत का उच्च स्कोर 218 था जो उसने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था.
इससे पहले भारत ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 256 रन बनाए. इसके साथ ही भारत ने इस वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है.
भारत ने अपनी पारी में 17 छक्के लगाए. ये टी20 वर्ल्ड कप के किसी मुकाबले में भारत की ओर से लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं.
भारत के सभी छह बल्लेबाजों ने आज 150 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहले ऐसा कभी नहीं हुआ.
हार्दिक पंड्या ने 23 गेंद पर 50 और तिलक वर्मा 16 गेंद में 44 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्होंने भारत के स्कोर को 256 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
वहीं अभिषेक शर्मा के 55 रन के अलावा सूर्यकुमार ने 31 और ईशान किशन ने 38 रन का योगदान दिया.
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत को मिली अच्छी शुरुआत
टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को संजू सैमसन ने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर अच्छी शुरुआत दिलाई.
संजू सैमसन 14 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए. उनके आउट होने के बाद ईशान किशन क्रीज पर आए.
अभी तक वर्ल्ड कप में ईशान किशन ने ओपनिंग का जिम्मा संभाला था. लेकिन आज उन्हें नंबर तीन पर उतरना पड़ा.
संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के बीच पहले विकेट के लिए हुई 48 रन की साझेदारी इस वर्ल्ड कप भारत के लिए बेस्ट ओपनिंग पार्टनरशिप भी रही.
ये संजू सैमसन की दिलाई अच्छी शुरुआत का ही असर था कि भारत ने 4.1 ओवर में ही 50 रन पूरे कर लिए. पावरप्ले में भारत का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 80 रन तक पहुंच गया था.
इमेज स्रोत, Getty Images
जिम्बाब्वे ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. भारत ने अपनी ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया. अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन ओपन करने के लिए मैदान पर आए.
सैमसन ने मैच की दूसरी गेंद पर सिक्स और तीसरे गेंद पर चौका लगाकर तेज तर्रार पारी खेलने के इरादे जाहिर किए.
इस अहम मुकाबले के लिए भारत की प्लेइंग 11 में दो बदलाव हुए. वहीं जिम्बाब्वे की टीम में एक बदलाव हुआ.
अक्षर पटेल और संजू सैमसन की वापसी हुई. वाशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह इस मैच में भारत की प्लेइंग 11 से बाहर हुए.
सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत के लिए ये मैच काफी अहम था. इस जीत के बाद भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार को खेला जाना वाला मैच वर्चुअल क्वार्टर फाइनल बन गया है.
रविवार को भारत और वेस्टइंडीज में से जो भी मैच को जीतने में कामयाब होगा, वो सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
SOURCE : BBC NEWS



