Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Ishara S. KODIKARA / AFP via Getty Images
7 घंटे पहले
पढ़ने का समय: 3 मिनट
श्रीलंका के कोलंबो में प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के एक मुक़ाबले में ज़िम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हराकर बड़ा उलटफेर किया है.
इस मैच में ज़िम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवरों में दो विकेट के नुक़सान पर 169 रन बनाए थे.
जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 19.3 ओवरों में 146 रन बनाकर आउट हो गई.
और ज़िम्बाब्वे की इस जीत के हीरो रहे ब्लेसिंग मुजरबानी, जो चर्चा में बने हुए हैं.
29 साल के ब्लेसिंग मुजरबानी ने मैच विनिंग स्पेल डालते हुए चार ओवर में महज 17 रन खर्च किए और चार ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को पवेलियन वापस भेजा.
हालांकि ब्लेसिंग मुजरबानी को इंटरनेशनल क्रिकेट का अच्छा खासा अनुभव है. उन्होंने साल 2018 टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था.
अभी तक खेले गए 85 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उन्होंने 100 विकेट लिए हैं.
ब्लेसिंग मुजरबानी को उनकी कसी हुई गेंदबाजी के लिए जाना जाता है और उन्होंने अभी तक इन 84 मुकाबलों में 7.14 के इकोनिमी रेट के साथ ही रन खर्च किए हैं.
इमेज स्रोत, Robert Cianflone/Getty Images
21 साल की उम्र में मुजरबानी ने जब डेब्यू किया था तो उनकी हाइट को लेकर काफी चर्चा हुई थी.
उनकी हाइट 6 फीट 8 इंच है और हाइट में वो दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्केल से भी बड़े हैं.
टी20 क्रिकेट से अलग मुजरबानी ने बीते साल टेस्ट क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया.
मुजरबानी साल 2025 में टेस्ट क्रिकेट में तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे.
उन्होंने बीते साल 10 टेस्ट खेलते हुए 42 विकेट चटकाए.
इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन एक पारी में 58 रन खर्च कर सात विकेट लेना रहा.
इंटरनेशनल क्रिकेट के अलावा फ्रेंचाइजी लीग में भी मुजरबानी गेंदबाजी से कमाल करते रहे हैं.
पाकिस्तान सुपर लीग में साल 2021 में मुल्तान सुल्तान की ओर से खेलते हुए उन्होंने 6 मैच में 10 विकेट लिए. उन्होंने उस वक्त मुल्तान सुल्तान को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी.
इसके बाद साल 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें बतौर नेट बॉलर चुना था. हालांकि अभी तक उन्हें आईपीएल खेलने का मौका नहीं मिल पाया है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
SOURCE : BBC NEWS



