Source :- LIVE HINDUSTAN
कोटक स्मॉलकैप फंड में अगर किसी निवेशक ने हर महीने ₹10,000 की सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान यानी SIP की होती तो दो दशकों से अधिक समय में उसकी निवेश राशि बढ़कर करीब ₹1.78 करोड़ हो गई होती।
वैसे तो शेयर बाजार में निवेश के कई ऑप्शन हैं लेकिन इसमें भी कुछ लोग म्यूचुअल फंड्स पर दांव लगाना पसंद करते हैं। कुछ खास म्यूचुअल फंड्स में मामूली निवेश से भी निवेशक करोड़पति बन गए हैं। ऐसा ही एक कोटक स्मॉलकैप फंड है। इसमें अगर किसी निवेशक ने हर महीने ₹10,000 की सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान यानी SIP की होती तो दो दशकों से अधिक समय में उसकी निवेश राशि बढ़कर करीब ₹1.78 करोड़ हो गई होती। बता दें कि यह स्मॉल-कैप फंड कोटक म्यूचुअल फंड द्वारा संचालित है और इसे वैल्यू रिसर्च और मॉर्निंग स्टार, दोनों से दो-स्टार रेटिंग मिली हुई है।
5 और 10 साल का रिटर्न
ETMutualFunds के विश्लेषण में अलग-अलग समय के कोटक स्मॉलकैप फंड SIP के परफॉर्मेंस के बारे में बताया गया है। इसके मुताबिक अगर किसी निवेशक ने इस फंड में 10 साल पहले ₹10,000 की मासिक SIP शुरू की होती तो उसकी निवेश रकम करीब ₹27.95 लाख हो जाती। विश्लेषण के मुताबिक इसमें 16.35% का एक्सटेंडेड इंटरनल रेट ऑफ रिटर्न (XIRR) मिलता। वहीं, पांच साल पहले की अवधि से देखें तो SIP की वैल्यू लगभग ₹7.46 लाख होती, जिसमें 8.96% का XIRR मिलता। अगर निवेश तीन साल पहले शुरू किया गया होता, तो निवेश की वैल्यू करीब ₹3.75 लाख होती और रिटर्न लगभग 2.90% रहता।
लंपसम निवेश पर भी अच्छा रिटर्न
कोटक स्मॉलकैप फंड में लंपसम निवेश पर भी अच्छा रिटर्न मिलता है। इस फंड के शुरुआत के समय अगर किसी निवेशक ने ₹1 लाख का एकमुश्त निवेश किया होता तो वह राशि बढ़कर करीब ₹23.92 लाख हो जाती, जिसमें 16.29% का कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट मिलता। अगर यही निवेश 10 साल पहले किया गया होता तो वैल्यू करीब ₹4.93 लाख होती। यह 17.30% कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट को दिखाता है। वहीं, पांच साल पहले किए गए ₹1 लाख के निवेश की वैल्यू लगभग ₹2.01 लाख (15.02% कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट) और तीन साल पहले किए गए निवेश की वैल्यू करीब ₹1.48 लाख (14.03% कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट) होती।
हालांकि, पिछले 10 वर्षों में कुछ ऐसे भी साल रहे जिसमें फंड ने नकारात्मक रिटर्न दिया। साल 2018 में फंड 17.30% तो 2022 में 3.07% गिरा। वहीं, 2025 में करीब 9.07% की गिरावट दर्ज की गई। वहीं 2021 में इसने लगभग 70.94% का शानदार रिटर्न दिया।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
आनंद राठी वेल्थ लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भारत राठौड़ ने कहा कि फंड ने जनवरी 2013 से अब तक शानदार परफॉर्मेंस दिया है। यह करीब ₹16,000 करोड़ के एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) के साथ स्मॉल-कैप कैटेगरी में अहम है। विशेषज्ञों का मानना है कि स्मॉल-कैप फंड्स में उतार-चढ़ाव सामान्य है इसलिए निवेशकों को अपने कुल पोर्टफोलियो का लगभग 20–22% ही इस सेगमेंट में रखना चाहिए।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



