Home विश्व समाचार खामेनेई की मौत के बाद सुलगा पाकिस्तान, अमेरिकी कॉन्सुलेट्स पर हमला… UN...

खामेनेई की मौत के बाद सुलगा पाकिस्तान, अमेरिकी कॉन्सुलेट्स पर हमला… UN दफ्तर को जलाया

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिकी-इजरायली हमलों में हत्या के बाद रविवार को पूरे पाकिस्तान में उग्र विरोध प्रदर्शन भड़क उठा। कई शिया-बहुल क्षेत्रों में हिंसक झड़पें, आगजनी और अमेरिका-विरोधी प्रदर्शन हुए।

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिकी-इजरायली हमलों में हत्या के बाद रविवार को पूरे पाकिस्तान में उग्र विरोध प्रदर्शन भड़क उठा। कई शिया-बहुल क्षेत्रों में हिंसक झड़पें, आगजनी और अमेरिका-विरोधी प्रदर्शन हुए। कराची और लाहौर में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास हिंसा की घटनाएं सामने आईं, जहां सैकड़ों प्रदर्शनकारी जमा हुए, उन्होंने संपत्ति तोड़-फोड़ की और परिसर के कुछ हिस्सों में आग लगा दी।

मीडिया रिपोर्टों और फुटेज के अनुसार, उत्तरी गिलगित-बाल्टिस्तान के स्कार्दू में प्रदर्शनकारियों ने संयुक्त राष्ट्र कार्यालय में आग लगा दी और आसपास की इमारतों को नुकसान पहुंचाया। ईरान युद्ध से उपजे तनाव के देशव्यापी फैलाव के बाद, पाकिस्तान में अधिकारियों ने राजनयिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास परिसर में प्रदर्शनकारियों द्वारा घुसपैठ और तोड़फोड़ के बाद झड़पें और गोलीबारी हुई, जिसमें कम से कम 9 से 10 प्रदर्शनकारी मारे गए और दर्जनों घायल हुए। हालांकि, अधिकारियों ने हताहतों की संख्या की पुष्टि नहीं की है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, स्कार्दू में प्रदर्शनकारियों ने संयुक्त राष्ट्र के एक कार्यालय भवन को आग के हवाले कर दिया, जिससे परिसर के कुछ हिस्सों और शिया-बहुल गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र में स्थित आसपास की सार्वजनिक तथा संस्थागत सुविधाओं को नुकसान पहुंचा। ये विरोध प्रदर्शन लाहौर, पेशावर और अन्य शहरों में भी फैल गए, जहां अमेरिकी राजनयिक स्थलों के बाहर बड़ी भीड़ जमा हुई। लोगों ने प्रार्थना की और खामेनेई की हत्या को लेकर वाशिंगटन तथा तेल अवीव की कड़ी निंदा करते हुए नारे लगाए।

वहीं, इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने सुरक्षा चेतावनी जारी की है और अमेरिकी नागरिकों को भीड़भाड़ वाली जगहों से दूर रहने तथा स्थानीय समाचारों पर नजर रखने की सलाह दी है, क्योंकि कराची और लाहौर में वाणिज्य दूतावासों के पास विरोध प्रदर्शन की खबरें आ रही हैं।

दूसरी ओर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई की हत्या पर पाकिस्तान सरकार और जनता ईरान के साथ पूर्ण शोक में खड़ी है तथा गहरी संवेदना व्यक्त करती है। देश भर में फैली हिंसक अशांति के बाद एक पोस्ट में उन्होंने अमेरिकी दूतावासों और संयुक्त राष्ट्र कार्यालय पर हुए हमलों पर गहरी चिंता जताई और इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन करार दिया।

प्रदर्शनकारियों द्वारा अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर धावा बोलने, पुलिस से झड़प करने और परिसर के बाहर आग लगाने के बाद कराची के रेड जोन और राजनयिक एन्क्लेव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रमुख सरकारी और राजनयिक स्थलों की ओर जाने वाली सड़कों को सील कर दिया गया। कुछ इलाकों में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे जाने की रिपोर्टें हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN