Home व्यापार समाचार खत्म होगा टाटा की इस कंपनी का वजूद…कारोबार से शेयर तक पर...

खत्म होगा टाटा की इस कंपनी का वजूद…कारोबार से शेयर तक पर है बड़ा अपडेट

8
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

टाटा स्टील ने चार जुलाई 2022 को ओडिशा स्थित नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड का अधिग्रहण अपनी पूर्व सब्सिडयरी टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट्स (टीएसएलपी) के माध्यम से 12,100 करोड़ रुपये में पूरा किया था। 

टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा स्टील के कारोबार से जुड़ी एक अहम खबर है। दरअसल, टाटा स्टील के निदेशक मंडल ने मंगलवार को नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (एनआईएनएल) के अपने साथ विलय को मंजूरी दे दी है। इसी के साथ अब नीलाचल इस्पात का वजूद खत्म हो जाएगा। बता दें कि टाटा स्टील ने चार जुलाई 2022 को ओडिशा स्थित नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड का अधिग्रहण अपनी पूर्व सब्सिडयरी टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट्स (टीएसएलपी) के माध्यम से 12,100 करोड़ रुपये में पूरा किया था। नीलाचल का मुख्यालय ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में है।

टाटा स्टील ने शेयर बाजार को बताया कि इस विलय से उसकी परिचालन दक्षता और कारोबारी तालमेल बेहतर होगी। वित्तीय प्रबंधकीय एवं तकनीकी संसाधनों, कर्मचारियों, क्षमता, कौशल, विशेषज्ञता और प्रौद्योगिकी के एक साथ हो जाने से प्लांट्स का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा, लागत में कमी आएगी और शेयरधारकों को अधिकतम लाभ मिलेगा।

ये भी हुए फैसले

टाटा स्टील ने पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडयरी कंपनी टी स्टील होल्डिंग्स पीटीई (टीएसएचपी) में दो अरब डॉलर (18,488.10 करोड़ रुपये)के निवेश को मंजूरी दे दी है। टाटा स्टील के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 से एक या एक से अधिक किस्तों में टी स्टील होल्डिंग्स पीटीई के शेयरों की खरीद के माध्यम से इस निवेश को मंजूरी दी। टाटा स्टील ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि निदेशक मंडल ने मणिपाल हॉस्पिटल्स ईस्टर्न इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से मेडिका टीएस हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड (मेडिका टीएस हॉस्पिटल) में 1.49 करोड़ रुपये में हिस्सेदारी के अधिग्रहण को भी मंजूरी दे दी है। हालांकि यह सौदा आवश्यक मंजूरी के अधीन है। इस डील के पूरा होने के बाद मेडिका टीएस हॉस्पिटल टाटा स्टील लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी बन जाएगी।

टाटा स्टील के शेयर

सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को टाटा स्टील के शेयर 4.41% बढ़कर 195.40 रुपये पर बंद हुए। 25 फरवरी को शेयर 216.50 रुपये तक गया। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई भी है। शेयर के 52 हफ्ते का लो 124.20 रुपये है।

कैसे रहे तिमाही नतीजे

चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में टाटा स्टील का मुनाफा आठ गुना से अधिक बढ़कर 2,730 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी को 295 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। तिमाही के दौरान उसका कुल राजस्व 6.75 प्रतिशत बढ़कर 57,503 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारतीय कारोबार से उसका राजस्व 35,725 करोड़ रुपये रहा। सालाना आधार पर कच्चे इस्पात का उत्पादन 12 प्रतिशत बढ़कर 63.4 लाख टन हो गया। नीदरलैंड के कारोबार से प्राप्त राजस्व 135.4 करोड़ पाउंड और परिचालन पूर्व लाभ 5.5 करोड़ पाउंड रहा। ब्रिटेन के कारोबार का राजस्व 46.8 करोड़ पाउंड रहा जबकि वहां उसे परिचालन से 6.3 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN