Home  लाइफस्टाइल समाचार क्या आप भी बर्तन धोते समय करते हैं ये 3 गलतियां, सेहत...

क्या आप भी बर्तन धोते समय करते हैं ये 3 गलतियां, सेहत को हो सकता है नुकसान

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Mistakes While Washing Utensils: दिन भर की तीनों मील बनाने और उसे खाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बर्तनों को धोना, रोजमर्रा का काम होता है, जिसे आप चाहकर भी अनदेखा नहीं कर सकते हैं। लेकिन कई बार समय की कमी होने पर लोग जल्दबाजी में बर्तनों को धोते समय कुछ कॉमन गलतियां कर बैठते हैं। जिससे ना सिर्फ बर्तनों पर गंदगी लगी रह जाती है साथ ही व्यक्ति के लिए फूड पॉइजनिंग जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में अपने साथ घर के बर्तनों को भी लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए इन 3 गलतियों को करने से बचें। आइए जानते हैं आखिर क्या हैं वो 3 गलतियां, जो लोग अकसर बर्तन धोते समय करते हैं।

बर्तन धोते समय ना करें ये 3 गलतियां

डिशवॉशिंग लिक्विड

कई बार लोग बर्तन धोने के लिए जरूरत से ज्यादा डिशवॉशिंग लिक्विड या साबुन का इस्तेमाल करते हैं। ऐसा करने से कई बार साबुन बर्तनों पर लगा रह जाता है, जो भोजन के साथ शरीर में पहुंचकर सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में हमेशा बर्तन धोने के लिए डिटर्जेंट की उचित मात्रा का ही उपयोग करें।

गंदे स्क्रबर या स्पंज का उपयोग

अकसर लोग बर्तन धोने वाले स्पंज को लंबे समय तक नहीं बदलते हैं। पुराने, गंदे, या बदबूदार स्पंज से बर्तन साफ करने पर सेहत प्रभावित हो सकती है। गंदे स्क्रबर बैक्टीरिया और कीटाणुओं को फैलाते हैं, जिससे बर्तन अस्वच्छ रहते हैं। सेहतमंद बने रहने के लिए बर्तन धोने वाले स्क्रबर को नियमित रूप से साफ करें, उसे गर्म पानी में भिगोएं और हर 2-3 हफ्ते में बदलें।

सिंक और हाथों की सफाई अनदेखा करना

बर्तन धोने से पहले और बाद में सिंक और हाथों को साफ करना न भूलें। इस बात का ध्यान रखें कि गंदा सिंक बैक्टीरिया का घर बनकर आपके बर्तनों के जरिए आपको बीमार बना सकता है। हर बार बर्तन धोने के बाद सिंक को डिटर्जेंट से साफ करें। ऐसा करते समय हाथों की स्वच्छता की भी अनदेखी ना करें। बर्तन धोने से पहले और बाद में हाथों को साबुन से जरूर धोएं। गंदे हाथों से बर्तन धोने पर कीटाणु बर्तनों पर फैल सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN