Source :- LIVE HINDUSTAN
अगर आप इस होली कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो एक बार Google पर Holi सर्च करके देखिए। हो सकता है आपकी स्क्रीन भी रंगों से सराबोर हो जाए। आइए आपको इस ट्रिक के बारे में बताएं।
होली सिर्फ सड़कों, मोहल्लों और आंगनों तक ही नहीं, बल्कि अब डिजिटल दुनिया में भी रंग बिखेर रही है। हर साल होली के आसपास, Google अपने यूजर्स के लिए एक खास सरप्राइज Holi Easter Egg के तौर पर लेकर आता है। यह एक छोटा लेकिन बेहद मजेदार इंटरैक्टिव फीचर है, जो सिंपल सर्च पेज को कुछ ही सेकंड में रंगों की दुनिया में बदल देता है।
अगर आपने अभी तक इसे ट्राई नहीं किया है, तो तरीका बेहद आसान है। बस Google पर Holi या Holi festival लिखकर सर्च कीजिए। सर्च रिजल्ट्स पेज खुलते ही आपको ऊपर या स्क्रीन के दाईं ओर सबसे नीचे रंगों से भरे छोटे-छोटे बर्तन (color bowls) दिखाई दे सकते हैं। जैसे ही आप उन पर क्लिक या टैप करते हैं, असली खेल शुरू होता है। इसके बाद आप स्क्रीन पर कहीं भी क्लिक करेंगे, तो वहां रंगों की छींटें उभर आएंगी, बिल्कुल वैसे ही जैसे होली में गुलाल उड़ता है।
मजेदार तरीके से कर सकते हैं धुलाई
गूगल का फीचर सिर्फ देखने के लिए नहीं, बल्कि पूरी तरह इंटरैक्टिव है। हर क्लिक के साथ अलग-अलग रंगों का स्प्लैश दिखाई देता है, जिससे पूरा सर्च पेज रंगीन हो जाता है। कुछ ही सेकंड में आपका सिंपल-सा वेबपेज एक डिजिटल होली पार्टी में बदल जाता है। अगर आप सोच रहे हैं कि ये रंग हटेंगे कैसे, तो उसके लिए भी इंतजाम है। स्क्रीन पर एक पानी की बूंद (water drop) का आइकन दिखता है। उस पर क्लिक करते ही सारे रंग धुल जाते हैं और पेज फिर से पहले जैसा साफ दिखने लगता है।
बता दें, Google अक्सर बड़े त्योहारों और खास मौकों पर ऐसे Easter Eggs और डूडल पेश करता है। इनका मकसद सिर्फ जानकारी देना नहीं, बल्कि यूज़र को त्योहार की भावना से जोड़ना भी होता है। होली का यह Easter Egg भी उसी सोच का हिस्सा है- जहां टेक्नोलॉजी और ट्रेडिशन का मेल दिखाई देता है। यह फीचर डेस्कटॉप, मोबाइल ब्राउजर और कई बार Google ऐप पर भी काम करता है, हालांकि यह हमेशा उपलब्ध नहीं रहता। आमतौर पर इसे होली के आसपास लिमिटेड टाइम के लिए एक्टिव किया जाता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



