Source :- LIVE HINDUSTAN
how to remove holi colour from clothes: होली पर पानी वाला रंग नहीं खेला लेकिन फिर भी सूखे रंग और गुलाल के धब्बे कपड़ों से नहीं जा रहे। ऐसे में ये जरूरी टिप्स और उन धब्बों को छुड़ाने का तरीका आपके काम आ सकता है। जानें कैसे धोएं रंग के धब्बे वाले कपड़े।
होली पर पानी वाला पक्का रंग नहीं खेला और जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया। लेकिन ये क्या!सूखा रंग भी कपड़ों पर जम गया है और आसानी से नहीं छूट रहा। अगर आपके साथ भी ऐसा हुआ है तो ये ट्रिक जरूर जान लें। जिसकी मदद से कपड़ों पर पड़े रंगों के दाग आसानी से निकल जाएंगे और आपको बहुत सारी मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। सबसे खास बात कि रंग पड़े कपड़ों को फौरन धोने की कोशिश करें। जितना देर करेंगे कपड़ों पर रंग उतना ज्यादा गाढ़ा होता जाएगा।
सूखे रंग को डायरेक्ट पानी में ना डाल दें
कपड़ों पर सूखा रंग पड़ा है तो उसे पानी में फौरन ना डाल दें। ऐसा करने से वो रंग छूटकर कपड़ों में फैल जाता है। इसकी बजाय आप पहले कपड़े को सूखा ही अच्छी तरह से झटक दें। जिससे सूखा रंग झड़ जाए। आप चाहें तो किसी दूसरे कपड़े या फिर ब्रश की मदद लें। इससे सूखा रंग आसानी से झड़ जाएगा। एक बार पूरा रंग झाड़ दें उसके बाद ही पानी में डालें।
गर्म पानी में डालने की गलती ना करें
कपड़ों को भूलकर भी गर्म पानी में ना डालें। गर्म पानी के साथ मिलकर रंग और भी ज्यादा तेजी से पक्का होने लगता है। इसलिए हमेशा ठंडे पानी का ही इस्तेमाल करें।
अलग-अलग धोएं
हर रंग के कपड़ों को अलग-अलग धोएं। एक साथ कपड़ों को धोया तो एक का रंग छूटकर दूसरे पर लग जाएगा और आपकी सारी मेहनत बेकार चली जाएगी। सारे कपड़ों को अलग-अलग भिगोकर धोएं।
डिटर्जेंट में भिगोएं
कपड़ों को अच्छे क्वालिटी के डिटर्जेंट पाउडर में भिगोकर आधे से एक घंटे के लिए छोड़ दें। उसके बाद हाथों से अच्छी तरह से रगड़कर साफ करें। अगर कपड़ों के रंग छूटने का डर ना हो तो इसी में आप ईनो डाल दें। ईनो की मदद से कपड़ों पर लगा रंग आसानी से छूट सकेगा।
नींबू और ईनो की मदद लें
सफेद या हल्के रंग के कपड़े हैं तो धब्बे वाली जगह पर नींबू को आधा काटे और धब्बों पर रगड़ें। ऐसा करने से रंग के धब्बे ज्यादा तेजी से छूटेंगे और फिर इसे पानी से धो दें।
हैंड सैनेटाइजर की मदद लें
हैंड सैनेटाइजर को रंग के धब्बे वाली जगह पर डालकर छोड़ दें। हल्के हाथ से रगड़ें और फिर ठंडे पानी से धो दें। इसकी मदद से भी रंग के धब्बों को छुड़ाने में मदद मिलती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


