Home राष्ट्रीय समाचार ‘ऑस्ट्रेलिया में बर्तन धोने और सफाई करने के बाद खिलाड़ियों से क्या...

‘ऑस्ट्रेलिया में बर्तन धोने और सफाई करने के बाद खिलाड़ियों से क्या उम्मीद की जा रही थी?’: पाकिस्तानी हॉकी टीम के कप्तान का बयान चर्चा में

15
0

Source :- BBC INDIA

पाकिस्तानी हॉकी खिलाड़ी

इमेज स्रोत, Getty Images

2 घंटे पहले

पढ़ने का समय: 6 मिनट

‘ऑस्ट्रेलिया में राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों से रसोई, बर्तन, कपड़े और बाथरूम साफ़ करवाए जाते थे, हम अपना खाना खुद पकाते थे और सड़कों पर रहते थे… बर्तन धोने और सफ़ाई करने के बाद खिलाड़ी मैच में कैसा प्रदर्शन करेंगे?’

पाकिस्तान की राष्ट्रीय हॉकी टीम के कप्तान इमाद बट ने ऑस्ट्रेलिया से लौटने के बाद लाहौर हवाई अड्डे पर मीडिया से बात करते हुए यह बात कही है.

प्रो हॉकी लीग में ऑस्ट्रेलिया में लगातार हार के बाद पाकिस्तानी हॉकी टीम बुधवार सुबह घर लौट आई.

हवाई अड्डे पर मीडिया प्रतिनिधियों से बात करते हुए कप्तान इमाद बट ने पाकिस्तान हॉकी महासंघ के ख़िलाफ़ गंभीर आरोप लगाए और कहा कि वह मौजूदा टीम प्रबंधन के साथ आगे नहीं बढ़ सकते.

दूसरी ओर हॉकी टीम के कोच ने प्रबंधन पर लगे आरोपों को ख़ारिज करते हुए जांच की मांग की है.

उन्होंने पूछा, “अचानक ऐसा क्या हुआ कि टीम प्रबंधन को बरी कर दिया गया और अब ऐसी बातें सामने आ रही हैं कि हम इस प्रबंधन के साथ काम नहीं करना चाहते?”

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से ऑस्ट्रेलिया में खेल रही पाकिस्तानी हॉकी टीम के खिलाड़ियों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें उन्हें अपना खाना पकाते और बर्तन साफ़ करते हुए देखा जा रहा है. कई तस्वीरों में वे बैग के साथ सड़क किनारे बैठे हुए भी नज़र आ रहे हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुप्रबंधन और कथित तौर पर पैसे की कमी के कारण ऑस्ट्रेलिया में पाकिस्तानी टीम को आवास और भोजन की समस्या का सामना करना पड़ा.

इन तस्वीरों और वीडियो के सामने आने के बाद प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने मंगलवार को मामले की जांच के आदेश दिए.

हॉकी टीम के कप्तान ने क्या कहा?

बुधवार सुबह लाहौर हवाई अड्डे पर मीडिया प्रतिनिधियों से बात करते हुए राष्ट्रीय टीम के कप्तान इमाद बट ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनकी दुर्दशा को दर्शाने वाली तस्वीरें और वीडियो सही हैं.

हालांकि, बीबीसी इन तस्वीरों और वीडियो की स्वतंत्र तौर पर पुष्टि नहीं कर सका है.

कप्तान इमाद बट ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया में राष्ट्रीय खिलाड़ियों से रसोई, बर्तन, कपड़े और बाथरूम साफ़ करवाए जाते थे. हम अपना खाना खुद पकाते थे और सड़कों पर रहते थे.”

उन्होंने कहा, “जब मैंने इस बारे में पाकिस्तान खेल बोर्ड से बात की, तो उन्होंने कहा कि टीम के ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पहले हमने पाकिस्तान हॉकी महासंघ को ज़रूरी धनराशि उपलब्ध करा दी थी लेकिन जब मैंने टीम प्रबंधन से बात की, तो उन्होंने कहा कि खेल बोर्ड ने पर्याप्त और पूरे पैसे उपलब्ध नहीं कराए हैं.”

पाकिस्तान के हॉकी खिलाड़ी

इमेज स्रोत, Hockey Pakistan

कप्तान इमाद बट ने कहा, “मुझे नहीं पता कि पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड ग़लत है या पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन प्रशासन लेकिन हम जानते हैं कि हमारी टीम के प्रबंधन ने बहुत झूठ बोला है.”

उन्होंने टीम प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा, “मैं किसी से नहीं डरता. टीम प्रबंधन ने खिलाड़ियों से अलग-अलग मुलाक़ात की और यहां तक ​​कि हर खिलाड़ी से पूछा कि वे कप्तान इमाद बट के साथ हैं या पाकिस्तान हॉकी महासंघ के साथ,”

पाकिस्तान हॉकी महासंघ या खेल बोर्ड ने अभी तक इन आरोपों पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

इमाद बट ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद, खिलाड़ी 13 से 14 घंटे तक ओपेरा स्ट्रीट पर बेसहारा लोगों की तरह भटकते रहे. प्रशासन ने कोई सहायता नहीं की. हॉकी टीम के सड़क पर बैठे हुए जो वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, वे सब सच हैं.”

उन्होंने कहा, “पांच दिनों में विश्व कप क्वॉलीफाइंग राउंड शुरू होने वाला है, जो पाकिस्तान हॉकी महासंघ और राष्ट्रीय टीम दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन है. अब चूंकि हमारे पास बहुत कम समय है, इसलिए हम मौजूदा टीम प्रबंधन के साथ आगे नहीं बढ़ सकते.”

हॉकी टीम के कप्तान इमाद बट ने कहा, “मैं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से अनुरोध करता हूं कि वे जल्द से जल्द इस बात का संज्ञान लें कि राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया गया.”

गौरतलब है कि मंगलवार को प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने इस कथित कुप्रबंधन का संज्ञान लिया और जांच के आदेश देते हुए कहा कि दोषियों के ख़िलाफ़ तत्काल कार्रवाई की जाएगी.

यह याद रखना चाहिए कि सोशल मीडिया पर ऐसे कई और वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें लाहौर हवाई अड्डे पर राष्ट्रीय टीम के आगमन पर उनका स्वागत करने के लिए कोई मौजूद नहीं था और न ही कोई ट्रांसपोर्ट व्यवस्था उपलब्ध थी.

मुख्य कोच ने क्या कहा?

पाकिस्तान हॉकी टीम के मुख्य कोच ताहिर ज़माँ का कहना है कि कल तक टीम प्रबंधन के प्रदर्शन की सराहना हो रही थी और टीम लगातार सुधार कर रही थी, लेकिन हाल के दिनों में सामने आई बातों की जानकारी उन्हें मीडिया के ज़रिए ही मिली है.

उन्होंने पूछा कि अचानक ऐसा क्या हुआ कि वे प्रबंधन के साथ काम नहीं करना चाहते.

हॉकी स्टेडियम में अन्य कोचों मोहम्मद उस्मान और जीशान अशरफ़ के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, ताहिर ज़माँ ने कहा कि कुछ छिपे हुए मक़सद हैं, जिन्हें मुद्दों को सुलझाने और मामलों को सही दिशा में ले जाने के लिए सामने लाने की ज़रूरत है.

उन्होंने कहा, “पाकिस्तान हॉकी आगे बढ़ रही है. हार खेल का हिस्सा है लेकिन खिलाड़ियों को मिल रहे अंतरराष्ट्रीय अनुभव, विशेष रूप से सेल्फ़ ट्रेनिंग की प्रक्रिया का कोई विकल्प नहीं है.”

खिलाड़ियों के बीच कथित गुटबंदी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कभी-कभी कठिन परिस्थितियों में कुछ बातें अपने आप स्पष्ट हो जाती हैं.

ताहिर ज़माँ ने कहा, “ये कहना कि पैसे नहीं थे, टीम भटक गई थी, बाहर निकाल दिया था…जैसी बातें ग़लतबयानी हैं. बच्चे इममैच्योरिटी दिखा रहे हैं.”

प्रबंधन के ख़िलाफ़ बयान देने वाले खिलाड़ियों पर कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर, ताहिर ज़माँ ने कहा कि स्थिति पर एक विस्तृत रिपोर्ट पाकिस्तान हॉकी महासंघ को सौंप दी गई है और अब महासंघ को इस संबंध में निर्णय लेना है.

उन्होंने कहा कि इस मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए और भविष्य में मीडिया के साथ बातचीत के संबंध में सभी संबंधित व्यक्तियों के लिए एक औपचारिक आचार संहिता भी तैयार की जानी चाहिए.

ताहिर ज़माँ ने कहा, “निजी तौर पर मेरा मानना है कि अनुशासन ज़रूरी है. अधिकारियों और खिलाड़ियों सबके लिए ये ज़रूरी होना चाहिए.”

पाकिस्तान हॉकी टीम के कोच

इमेज स्रोत, Hockey Pakistan

‘यह दशकों से चलता आ रहा है’

लाहौर हवाई अड्डे से अपने निजी वाहनों और टैक्सियों से घर लौट रहे राष्ट्रीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों के वीडियो एक्स पर वायरल हैं.

अदनान जाकिर नाम के एक यूजर ने राष्ट्रीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों के कुछ वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “मुझे उम्मीद है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ को इस पर शर्म आएगी और वे पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (पीएचएफ) के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई करेंगे. इस बार कोई रियायत नहीं दी जानी चाहिए. यह दशकों से होता आ रहा है.”

पाकिस्तान हॉकी टीम के कप्तान के हालिया बयान और हॉकी महासंघ पर लगे आरोपों के बाद पूर्व खिलाड़ी फ़ैसल इक़बाल ने भी एक्स पर लिखा कि ‘पाकिस्तान सरकार को इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करनी चाहिए कि टैक्सपेयर्स का पैसा कहां खर्च हो रहा है, क्या यह हॉकी के विकास के लिए है!’

उन्होंने आरोप लगाया कि “पाकिस्तान में हॉकी के पतन का असली कारण भ्रष्टाचार है. हॉकी टीम के खिलाड़ियों के साथ अन्याय हो रहा है.”

एक यूजर ने लिखा, “जब पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड ने टीम के विदेशी दौरे के आयोजन के लिए भारी भरकम रक़म दी थी, तो खिलाड़ी वहां ख़राब परिस्थितियों में क्यों रह रहे हैं? वह पैसा कहां गया?”

उमर फ़ारूक़ नाम के एक अन्य एक्स यूजर ने पाकिस्तान हॉकी टीम के बारे में बात करते हुए कहा, “ऑस्ट्रेलिया में पाकिस्तानी हॉकी खिलाड़ियों की स्थिति सामने आने के बाद, यह इस बात की याद दिलाता है कि सिस्टम को कितनी लापरवाही से चलाया जा रहा है.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS