Home विश्व समाचार ईरान से तनाव के बीच इस इस्लामिक देश से सेना हटा रहा...

ईरान से तनाव के बीच इस इस्लामिक देश से सेना हटा रहा US, कैदियों को भी दूसरी जेल भेजा

28
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ईरान से जारी तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने अपने सैनिकों को सीरिया से निकालकर इराक में भेजना शुरू कर दिया है। सेंटकॉम ने कुछ समय पहले ही सीरिया से अमेरिकी सैनिकों की कटौती की घोषणा की थी। अमेरिकी पहले ही ईरान के करीब सैनिकों की तैनाती बढ़ा चुका है।

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव लगातार आगे बढ़ता जा रहा है। इसी बीच अमेरिकी सेना ने सीरिया के एक अहम सैन्य अड्डे से अपने सैनिकों को बाहर निकालना शुरू कर दिया है। सेना का यह कदम सीरिया में एक अमेरिकी सैनिकों की उपस्थिति में कटौती करने के अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। इराकी और सीरियाई अधिकारियों के मुताबिक यूएस आर्मी ने कस्त्रक क्षेत्र में बने अपने बेस से सैनिकों को और सैन्य साजो सामान को हटाना शुरू कर दिया है।

एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना लगातार अपने साजो-सामान को लेकर इराक की सीमा की ओर बढ़ रही है। हालांकि इस पर अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड से जब जवाब मांगा गया, तो उन्होंने जवाब देने से इनकार कर दिया। वहीं, दूसरी तरफ कस्त्रक बेस के आसपास के क्षेत्र को नियंत्रित करने वाली कुर्द सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेज ने भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

एक वरिष्ठ अमेरिकी सुरक्षा अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बेस की निकासी रविवार से शुरू हो गई थी और सोमवार को वहां से आ रहे अमेरिकी सैनिक और सैन्य उपकरण इराक के उत्तरी अर्ध-स्वायत्त कुर्द क्षेत्र में प्रवेश कर गए। एक सीरियाई सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि सोमवार तक लगभग 200 सैनिक बेस पर मौजूद थे और वहां सैन्य जैमिंग सिस्टम, एयर डिफेंस सिस्टम और इंजीनियरिंग सेक्शन को हटाने का काम जारी था।

आपको बता दें, इस महीने की शुरुआत में ही अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड सेंटर और सीरियाई रक्षा मंत्रालय ने संयुक्त घोषणा में अमेरिकी सैनिकों की कटौती का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि अमेरिकी सैनिकों ने जॉर्डन सीमा के पास स्थित बेस को भी खाली कर दिया है। इसके अलावा अमेरिकी सेना ने अपने बेसों के डिटेंशन सेंटर में बंद लगभग 5,700 कैदियों को भी इराक की जेलों में भेज दिया है, जहां पर इनके ऊपर मुकदमा चलाया जाएगा।

गौरतलब है कि अमेरिका लगातार ईरान की तरफ अपने सैनिकों की तैनाती बढ़ा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस समय पर 2003 के बाद से सबसे बड़ी अमेरिकी सेना और साजो-सामान मध्य-पूर्व में मौजूद हैं। ट्रंप लगातार ईरान को धमकी दे रहे हैं। उन्होंने ईरान को जल्दी से जल्दी अमेरिका के साथ डील करने की धमकी दे रखी है। वहीं, दूसरी ओर खामेनेई भी झुकने के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने भी सीधे तौर पर धमकी देते हुए कहा कि अगर अमेरिकी या इजरायल ईरान पर हमला करते हैं, तो ऐसा जवाब दिया जाएगा, जो सदियां याद करेंगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN