Source :- LIVE HINDUSTAN
Iran War Update: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्र के नाम संबोधन से ठीक पहले विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका ईरान के साथ चल रहे युद्ध में अपना अंतिम लक्ष्य साफ तौर पर देख सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्र के नाम संबोधन से ठीक पहले विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका ईरान के साथ चल रहे युद्ध में अपना अंतिम लक्ष्य साफ तौर पर देख सकता है। फॉक्स न्यूज चैनल के कार्यक्रम ‘हनिटी’ में बात करते हुए रुबियो ने साफ-साफ कहा कि हमें फिनिश लाइन दिख रही है। यह आज नहीं है, कल नहीं है, लेकिन यह आ रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अमेरिका अपने निर्धारित लक्ष्यों को समय से पहले या सही समय पर हासिल कर रहा है।
इस दौरान रुबियो ने यह भी बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच संदेशों का आदान-प्रदान जारी है तथा दोनों पक्षों के बीच सीधी मुलाकात की संभावना जल्द बन सकती है। हालांकि, उन्होंने सटीक समयसीमा बताने से इनकार कर दिया। मार्को रुबियो का यह बयान ऐसे समय आया है जब राष्ट्रपति ट्रंप ने भी संकेत दिए हैं कि ईरान युद्ध जल्द समाप्त हो सकता है। रुबियो ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि तेहरान उत्तर कोरिया की तरह बनने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अमेरिका इसे कभी नहीं होने देगा।
ट्रंप ने दिए थे युद्ध समाप्ति के संकेत
इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध जल्द समाप्ति की ओर बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष को खत्म करने के लिए ईरान को अमेरिका के साथ किसी समझौते की आवश्यकता नहीं है। वाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि हम बहुत जल्द निकल जाएंगे… दो हफ्तों में, शायद तीन हफ्तों में। जब उनसे पूछा गया कि ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ को समाप्त करने के लिए क्या कोई कूटनीतिक समझौता जरूरी है, तो उन्होंने साफ कहा कि नहीं, ईरान को मेरे साथ कोई समझौता करने की जरूरत नहीं है।
देश को संबोधित करेंगे राष्ट्रपति
वहीं, वाइट हाउस ने घोषणा की है कि ट्रंप बुधवार अमेरिकी समयानुसार रात 9 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे, जिसमें वह ईरान की स्थिति पर विस्तृत जानकारी देंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान वह अमेरिकी विदेश नीति, जारी सैन्य अभियानों और वैश्विक सुरक्षा खतरों पर भी प्रकाश डालेंगे। संभावना जताई जा रही ट्रंप इस दौरान युद्ध खत्म करने का भी ऐलान कर सकते हैं। हालांकि इस बात की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जारी हैं एक दूसरे पर हमले
इसी बीच, बुधवार सुबह दोनों पक्षों के बीच हमलों की खबरें सामने आईं। कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन हमले में ईंधन टैंकों में आग लग गई, जबकि बहरीन में एक अज्ञात कंपनी परिसर में आग लगने की सूचना मिली, जिसे ईरानी हमले से जोड़कर देखा जा रहा है। दूसरी ओर इजरायली सेना ने दावा किया कि उसने आईआरजीसी कुद्स फोर्स के लेबनान कोर के इंजीनियरिंग प्रमुख महदी वफाई को निशाना बनाकर मार गिराया है। बताया गया कि महदी वफाई को मध्य शहर महल्लात में मारा गया। इजरायल के अनुसार, वह दो दशकों से लेबनान और सीरिया में भूमिगत परियोजनाओं, हिज्बुल्लाह के लिए ढांचे के निर्माण और हथियार भंडारण के प्रबंधन में शामिल था।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



