Home विश्व समाचार ईरान युद्ध के बीच US जा रहे राजा-रानी, ट्रंप भी हैं उत्साहित;...

ईरान युद्ध के बीच US जा रहे राजा-रानी, ट्रंप भी हैं उत्साहित; फिर एकजुट होंगे अमेरिका और ब्रिटेन?

12
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ईरान से जारी युद्ध के बीच ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय और उनकी पत्नी रानी कैमिला अप्रैल के अंत में संयुक्त राज्य अमेरिका की राजकीय यात्रा पर पहुंचने वाले हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस खास शाही दंपति के स्वागत को लेकर काफी उत्साहित हैं।

ईरान से जारी युद्ध के बीच ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय और उनकी पत्नी रानी कैमिला अप्रैल के अंत में संयुक्त राज्य अमेरिका की राजकीय यात्रा पर पहुंचने वाले हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस खास शाही दंपति के स्वागत को लेकर काफी उत्साहित हैं। यह यात्रा अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में लंबे समय से नियोजित है। यात्रा के दौरान राजा चार्ल्स और रानी कैमिला वाशिंगटन डीसी में वाइट हाउस का दौरा करेंगे, जहां राष्ट्रपति ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप की ओर से राजकीय भोज का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद यह शाही जोड़ा बरमूडा भी जा सकता है।

इस य़ात्रा को लेकर बकिंघम पैलेस ने कहा कि महामहिमों का यह कार्यक्रम यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका के बीच ऐतिहासिक तथा आधुनिक द्विपक्षीय संबंधों का जश्न मनाएगा। यह यात्रा ब्रिटिश सरकार की सलाह पर हो रही है। वर्ष 2007 के बाद किसी ब्रिटिश सम्राट की यह पहली राजकीय यात्रा होगी, जब राजा चार्ल्स की मां दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने अमेरिका का दौरा किया था।

ट्रंप ने क्या कहा?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि मैं राजा चार्ल्स के साथ समय बिताने के लिए बेहद उत्सुक हूं, जिनका मैं बहुत सम्मान करता हूं। यह बहुत शानदार होगा। उन्होंने बताया कि यात्रा 27 अप्रैल से शुरू होगी और अगले दिन वाइट हाउस में भोज का आयोजन किया जाएगा।

ईरान युद्ध को लेकर ब्रिटेन-अमेरिका संबंधों में तनाव

बता दें कि ईरान युद्ध को लेकर अमेरिका और ब्रिटेन के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए हैं। प्रधानमंत्री कीर स्टारमर की सरकार ने अमेरिका के शुरुआती हमलों के लिए ब्रिटिश ठिकानों का उपयोग करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, हालांकि बाद में रक्षात्मक हमलों की अनुमति दी गई। राष्ट्रपति ट्रंप ने बार-बार स्टारमर की आलोचना की और कहा कि वे ‘विंस्टन चर्चिल नहीं हैं’ तथा उन्होंने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक गठबंधन को कमजोर कर दिया है।

ट्रंप ने ब्रिटेन के अधिक सैन्य सहायता भेजने के प्रस्ताव पर भी तंज कसा और उन देशों पर हमला बोला जो मदद करने में विफल रहे। ट्रुथ सोशल पर उन्होंने लिखा कि आपको खुद के लिए लड़ना सीखना होगा। अमेरिका अब आपकी मदद के लिए मौजूद नहीं रहेगा, ठीक वैसे ही जैसे आप हमारी मदद के लिए मौजूद नहीं थे।

संबंध सुधरने की उम्मीद

ट्रंप के सत्ता में लौटने के बाद प्रधानमंत्री स्टारमर शाही परिवार की सौम्य शक्ति का इस्तेमाल कर अमेरिकी राष्ट्रपति को शांत करने का प्रयास कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले सितंबर में राजा चार्ल्स ने ट्रंप की ब्रिटेन यात्रा का भव्य स्वागत किया था, जिसमें विंडसर कैसल में बग्घी की सवारी और राजकीय भोज शामिल था। ट्रंप ने उस समय दोनों देशों के बीच के संबंधों को ‘अपरिवर्तनीय और अटूट’ बताया था। ऐसे में ब्रिटिश सरकार को उम्मीद है कि 77 वर्षीय राजा चार्ल्स एक बार फिर मौजूदा तनावपूर्ण संबंधों को सुधारने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN