Home व्यापार समाचार इक्सिगो की झोली में आई स्पेन की कंपनी, अब इस शेयर में...

इक्सिगो की झोली में आई स्पेन की कंपनी, अब इस शेयर में हलचल की है उम्मीद

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इक्सिगो के निदेशक मंडल ने स्पेन के दूसरे सबसे बड़े ट्रेन बुकिंग मंच ‘ट्रेनेस’ में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करने संबंधी डील को मंजूरी दे दी है। अब इक्सिगो की मूल कंपनी ले ट्रैवेन्यूज टेक्नोलॉजी लिमिटेड के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी।

Le travenues technology share price: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को ट्रैवल एग्रीगेटर इक्सिगो की मूल कंपनी ले ट्रैवेन्यूज टेक्नोलॉजी लिमिटेड के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। असल में यात्रा बुकिंग पोर्टल इक्सिगो ने एक बड़ी डील की है। इस डील की डिटेल जान लेते हैं।

स्पेन की कंपनी का अधिग्रहण

इक्सिगो के निदेशक मंडल ने स्पेन के दूसरे सबसे बड़े ट्रेन बुकिंग मंच ‘ट्रेनेस’ में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी का 1.17 करोड़ यूरो (लगभग 125 करोड़ रुपये) में अधिग्रहण करने संबंधी बाध्यकारी समझौते को मंजूरी दे दी है। इक्सिगो का यह पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय अधिग्रहण है। ट्रेनेस मंच का संचालन करने वाली कंपनी ऑनलाइन ट्रैवल सॉल्यूशंस में नियंत्रक हिस्सेदारी का अधिग्रहण इक्सिगो के लिए यूरोप के बाजार में रणनीतिक प्रवेश का मार्ग प्रशस्त करता है।

क्या कहा कंपनी ने?

इक्सिगो ने एक बयान में कहा- इस निवेश से ‘ट्रेनेस’ मंच के मजबूत ग्राहक आधार और स्थानीय रेल सेवा प्रदाताओं के साथ उसके जुड़ाव को इक्सिगो के एआई-आधारित नवाचार और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञता के साथ जोड़कर बेहतर तालमेल बनाने की उम्मीद है। कंपनी ने बताया कि इस अधिग्रहण के साथ उसका लक्ष्य यूरोप में विकास के नए अवसरों को तलाशने के लिए ट्रेनेस के उत्पाद विकास को गति देना, उसे एआई टेक्नोलॉजी से लैस करना और ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाना है। इस अधिग्रहण के बाद ऑनलाइन ट्रैवल सॉल्यूशंस एस.एल. कंपनी इक्सिगो के एक सब्सिडयरी बन जाएगी।

एक और कंपनी में हिस्सेदारी

इसके अलावा इक्सिगो के निदेशक मंडल ने स्पेन की एक अन्य कंपनी ‘स्क्वाड एज सर्विस’ (स्कास) में भी 45.02 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दी है। यह सौदा 4.5 लाख यूरो (करीब 4.83 करोड़ रुपये) में तय हुआ है। इन दोनों कंपनियों को खरीदने के लिए दी जाने वाली कुल राशि में ‘गैर-प्रतिस्पर्धा’ शुल्क भी शामिल है। हालांकि, यह पूरा सौदा स्पेन में कानूनी प्रक्रियाओं और वहां की नियामक संस्थाओं की अनुमति मिलने के बाद ही पूरा होगा।

शेयर का हाल

इक्सिगो की मूल कंपनी ले ट्रैवेन्यूज टेक्नोलॉजी लिमिटेड के शेयर शुक्रवार को 196.20 रुपये पर बंद हुए। यह शेयर एक दिन पहले के मुकाबले 7.58% गिरकर बंद हुआ। यह शेयर 339.05 रुपये तक जा चुका है। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। शेयर के 52 हफ्ते का लो 118.65 रुपये है। बता दें कि बीते शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार भी बिकवाली मोड में थे। शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा टूटकर बंद हुआ तो निफ्टी में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN