Source :- LIVE HINDUSTAN
क्या आपने कभी सोचा है, आखिर क्यों कई बार बिना किसी बात के आपका मन अचानक खुशी या उदासी महसूस करने लगता है। एक पल में मन करता है आकाश को छू लें तो दूसरे ही पल व्यक्ति खुद को दुख के बादलों के बीच अकेला घिरा हुआ पाता है। आपको बता दें, ऐसा आपके आसपास के रंगों की वजह से होता है। जी हां, रंग मनोविज्ञान के अनुसार हर अलग रंग मानव व्यवहार और भावनाओं को अलग तरह से प्रभावित करता है। आइए जानते हैं किस रंग का आपके मूड पर क्या प्रभाव पड़ता है।
आपके मूड पर किस रंग का पड़ता है क्या असर
लाल रंग
लाल रंग का अत्यधिक उपयोग आपके जीवन में तनाव बढ़ा सकता है। लाल रंग उत्तेजना और तीव्रता के लिए जाना जाता है, जो ऊर्जा और प्रेरणा को तो बढ़ा सकता है, लेकिन बहुत अधिक उपयोग करने पर लाल रंग बेचैनी, घबराहट और क्रोध जैसे तनावपूर्ण भावनाओं को भी जन्म दे सकता है।
नीला
नीला रंग एक शांत रंग माना जाता है और यह मूड को शांत रखकर तनाव कम करने में मदद कर सकता है। जिससे व्यक्ति को आराम और शांति का अनुभव होता है। नीले रंग का उपयोग नींद में सुधार करने और अनिद्रा की समस्या को दूर करने में भी मदद कर सकता है। आप इस तरह का रंग अपने बेडरूम या ऑफिस के लिए यूज कर सकते हैं।
पीला रंग
पीला रंग खुशी, आशा और रचनात्मकता को बढ़ाने वाला माना जाता है। यह मस्तिष्क की सक्रियता को बढ़ाता है और गहरी सोच को प्रेरित करता है। हालांकि, इस बात का भी ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा पीला रंग चिंता और बेचैनी भी पैदा कर सकता है।
हरा रंग
हरा रंग प्रकृति से जुड़ा हुआ माना जाता है। जिसकी वजह से यह व्यक्ति को शांति, संतुलन और फ्रेशनेस महसूस करवा सकता है। हरा रंग रंगों के स्पेक्ट्रम के बीच में स्थित होता है, जो इसे आंखों के लिए आरामदेह बनाता है और एक संतुलित, शांत भावना पैदा करता है। हरा रंग आपकी सोच, रिश्तों और शारीरिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डालकर तनाव कम करने में भी मदद करता है।
बैंगनी रंग
बैंगनी रंग लोगों को कलात्मक अभिव्यक्ति, गहन चिंतन और आध्यात्मिक जागरूकता की ओर प्रेरित करता है। यह रंग मूड को शांत और गहरा बनाता है।
सफेद रंग
सफेद रंग शुद्धता, सादगी, मासूमियत और शांति का प्रतीक है। यह मूड को हल्का और स्पष्ट करता है, लेकिन अधिक सफेद रंग जीवन में ठंडापन लाकर उसे नीरस बना सकता है।
काला रंग
काला रंग शक्ति और रहस्य को दर्शाता है। यह मूड को गंभीर बना सकता है, लेकिन अधिक काले रंग का उपयोग उदासी का कारण बन सकता है।
नारंगी रंग
नारंगी रंग जीवन में उत्साह, गर्मजोशी और सकारात्मकता को बढ़ाता है। यह रंग लाल और पीले रंग का मिश्रण है, जिससे यह एक ऊर्जावान और आकर्षक रंग बन जाता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN