Home राष्ट्रीय समाचार ‘आज एक सभ्यता की मौत होगी… 47 साल पुराने राज का अंत’,...

‘आज एक सभ्यता की मौत होगी… 47 साल पुराने राज का अंत’, ट्रंप की ईरान को कड़ी चेतावनी

11
0

Source :- BBC INDIA

ट्रंप

इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

7 अप्रैल 2026, 18:04 IST

अपडेटेड 4 घंटे पहले

पढ़ने का समय: 4 मिनट

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सीधे चेतावनी देते हुए कहा है कि मंगलवार रात “एक पूरी सभ्यता की मौत होने वाली है.”

ट्रंप ने ईरान को समझौता करने के लिए मंगलवार को वॉशिंगटन समय के अनुसार रात 8 बजे तक का समय दिया है. ईरान की ओर से अभी तक किसी समझौते को लेकर सहमति नहीं बनी है. साथ ही ट्रंप के ताज़ा बयान पर ईरान की ओर से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं आई है.

हालांकि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने ताज़ा बयान जारी कर कहा है कि उसने अभी तक संयम दिखाया है. अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान पर तुर्की में ईरान के दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट किया है.

ईरानी दूतावास ने लिखा, “सिकंदर ने इसे जला दिया. मंगोलों ने इसे तबाह कर दिया. इतिहास ने इसे परखा. ईरान अभी भी यहाँ है. एक साइकोपैथ की धमकियाँ उसे ख़त्म नहीं कर सकतीं जिसे समय नहीं ख़त्म कर सका.”

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर क्या लिखा है?

अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर एक पोस्ट कर मंगलवार रात पूरी सभ्यता के ख़त्म होने की बात कही है.

ट्रंप ने लिखा, “एक पूरी सभ्यता की आज रात मौत हो जाएगी और फिर कभी वापस नहीं आएगी. मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन शायद ऐसा हो सकता है.”

“हालांकि, अब जब पूरी तरह और सम्पूर्ण शासन परिवर्तन हो चुका है, जहां अलग, ज़्यादा समझदार और कम कट्टर सोच वाले लोग आगे आए हैं, शायद कुछ क्रांतिकारी रूप से अच्छा हो सकता है, कौन जानता है?”

“हमें आज रात पता चल जाएगा. यह दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पलों में से एक है.”

“47 साल की जबरन वसूली, भ्रष्टाचार और मौत का दौर आख़िरकार ख़त्म होगा. ईश्वर ईरान के महान लोगों की रक्षा करे.”

अमेरिका के उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस न कहा है कि “अब गेंद ईरान के पाले में है.”

उन्होंने कहा कि ईरान सबसे तेज़ बातचीत करने वालों में से नहीं है लेकिन कभी-कभी एक शख़्स से दूसरे शख़्स तक संदेश भेजने में थोड़ी देरी होती है, लेकिन भरोसा है कि जवाब मिल सकता है, चाहे वह पॉज़िटिव हो या नेगेटिव.

जेडी वेंस ने कहा कि आज रात 8 बजे तक ईरान से जवाब मिल जाएगा और उन्हें उम्मीद है कि वे सही जवाब देंगे, क्योंकि वो असल में एक ऐसी दुनिया चाहते हैं जहाँ तेल और गैस आसानी से जा रही हो.

तेहरान का इंक़लाब चौक

इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

आईआरजीसी ने क्या कहा?

ईरान की ओर से सीधे ट्रंप के बयान पर कोई जवाब नहीं आया है लेकिन आईआरजीसी ने एक नए बयान में कहा है कि उसने अब तक “काफी संयम” दिखाया है और अमेरिका और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई में “लक्ष्यों का चयन सावधानी से किया” है.

बयान में कहा गया है, “अब से ऐसी सभी बातों को किनारे रख दिया जाएगा.”

आईआरजीसी ने यह भी कहा कि अगर अमेरिकी सेना “सीमा रेखा पार करती है”, तो उसका जवाब क्षेत्र से बाहर तक जाएगा.

साथ ही उसने चेतावनी दी कि वो अमेरिका और उसके सहयोगियों के ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) को निशाना बनाएगा और क्षेत्र में तेल और गैस की सप्लाई को कई सालों तक बाधित कर सकता है.

डोनाल्ड ट्रंप

इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

ट्रंप ने सोमवार को क्या कहा था?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ईरान को धमकी देते हुए कहा था कि “ईरान को एक ही रात में ख़त्म किया जा सकता है.”

ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान उनकी दी गई डेडलाइन से पहले अमेरिका से डील करने में नाकाम रहता है तो वो कल (मंगलवार) की रात भी हो सकती है.

ट्रंप की डील के मुताबिक़ ईरान को होर्मुज़ स्ट्रेट खोलना होगा, जहां से दुनिया भर की तेल सप्लाई का 20 फ़ीसदी हिस्सा ट्रांसपोर्ट होता है. ट्रंप की दी गई ये डेडलाइन मंगलवार को वॉशिंगटन डीसी समयानुसार रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 5.30 बजे) ख़त्म हो रही है.

अमेरिकी ज्वाइंट चीफ़्स ऑफ़ चेयरमैन जनरल डान केन और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ भी ट्रंप के साथ इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस में मौजूद रहे.

पिछले सप्ताह ही अमेरिकी सुरक्षा बलों ने दक्षिणी ईरान में मार गिराए गए एक एफ़-15 लड़ाकू विमान के दो क्रू सदस्यों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया था.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS