Source :- LIVE HINDUSTAN
इस्माइल खतीब एक शिया धर्मगुरु थे, जिन्होंने ईरान के न्यायपालिका और खुफिया मंत्रालय में कई अहम पदों पर काम किया था। 1980 के दशक में ईरान-इराक युद्ध के दौरान इस्माइल खतीब ने रिवोल्यूशनरी गार्ड में भी सेवा दी थी।
ईरान युद्ध का आज 19वां दिन है। ईरान पर लगातार अमेरिकी और इजरायली हमले हो रहे हैं। दूसरी तरफ, ईरान भी इजरायल और खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों पर हमले कर रहा है। इस बीच इजरायल ने बड़ा दावा किया है। इज़रायल के रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ ने बुधवार को कहा कि रात भर चले इजरायली रक्षा बलों (IDF) के हमलों में ईरान के इंटेलिजेंस मिनिस्टर इस्माइल खतीब का खात्मा हो गया है। हालाँकि, ईरान ने अब तक खतीब की मौत की पुष्टि नहीं की है।
खतीब की मौत की घोषणा करते हुए और बिना कोई और जानकारी दिए काट्ज़ ने कहा, “आज पूरे दिन सभी मोर्चों पर बड़े सरप्राइज़ मिलने की उम्मीद है।” काट्ज़ ने कहा कि इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सेना को किसी भी अन्य वरिष्ठ ईरानी अधिकारी को मारने की बिना किसी अतिरिक्त मंज़ूरी के पूरी छूट दे रखी।
दो दिन में तीसरी बड़ी कार्रवाई
अगर यह दावा सही साबित होता है, तो यह दो दिनों में ईरान के तीसरे बड़े नेता की हत्या होगी। इससे पहले मंगलवार को ईरान के सिक्योरिटी चीफ अली लारीजानी और बसीज बल के प्रमुख गुलाम रजा सुलेमानी को भी इज़राइल द्वारा मार गिराए जाने का दावा किया गया था।
कौन थे इस्माइल खतीब?
इस्माइल खतीब एक शिया धर्मगुरु थे, जिन्होंने ईरान के न्यायपालिका और खुफिया मंत्रालय में कई अहम पदों पर काम किया था। 1980 के दशक में ईरान-इराक युद्ध के दौरान इस्माइल खतीब ने रिवोल्यूशनरी गार्ड में भी सेवा दी थी। साइबर गतिविधियों के कारण 2022 में अमेरिका ने खतीब पर प्रतिबंध लगा दिया था। अमेरिका के अनुसार, खतीब साइबर जासूसी और रैनसमवेयर हमलों से जुड़े नेटवर्क का नेतृत्व कर रहे थे। खतीब का जन्म ईरान के दक्षिण खोरासान प्रांत के घायनात में 1960 में हुआ था।
तुर्की की कड़ी प्रतिक्रिया
इजरायल की इन कार्रवाइयों पर तुर्की ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान ने इसे “अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ अवैध राजनीतिक हत्याएं” बताया है। विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व पर लगातार हमले क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा सकते हैं। इससे युद्ध और अधिक व्यापक और जटिल रूप ले सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



