Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अमेरिकी सेना अभी आराम कर रही है। वह अपने नए अभियान के लिए तैयार हो रही है। ईरान को लेकर भी बड़ा अपडेट देते हुए ट्रंप ने कहा कि जब तक मध्य-पूर्व में उद्देश्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक अमेरिकी सेना यहीं तैनात रहेगी।
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध अभी पूरी तरह से थमा भी नहीं है और अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने अगले अभियान का जिक्र करना शुरू कर दिया है। गुरुवार को ट्रंप ने कहा कि ईरान युद्ध के बाद अमेरिका की महान सेना अभी आराम कर रही है। इसके अलावा वह अपने अगले अभियान की भी तैयारी कर रही है। ईरान मुद्दे को लेकर भी ट्रंप ने अपनी स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि जब तक ईरान का मुद्दा पूरी तरह से सुलझ नहीं जाता है, तब तक उसके आसपास अमेरिकी सेना की तैनाती बनी रहेगी।
सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर लिए एक पोस्ट में ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने लिखा, “अमेरिका के सभी जहाज, फाइटर जेट्स और सैन्य कर्मी। इसके अलावा हमारा गोला-बारूद और हथियार जो अभी ईरान के पास मौजूद हैं, वह वहीं पर तैनात रहेंगे। जब तक ईरान वास्तविक समझौता पूरी तरह से नहीं मानता, तब तक इनकी तैनाती वहीं रहेगी। अगर ऐसा नहीं होता है, तो अमेरिकी सैन्य कार्रवाई पहले से कहीं ज्यादा बड़ी और ताकतवर होगी।”
ट्रंप ने साफ किया कि होर्मुज स्ट्रेट अब पूरी तरह से खुला रहेगा। उन्होंने कहा, “यह पहले ही तय हो चुका है कि अब ईरान कोई परमाणु हथियार नहीं बनाएगा। इसके अलावा होर्मुज स्ट्रेट भी अब पूरी तरह से खुला और सुरक्षित रहेगा। जब तक यह काम होता है, तब तक हमारी सेना आराम कर रही है। सच कहूं, तो अपने अगले अभियान की तैयारी कर रही है। अमेरिका अब वापस आ चुका है।”
दरअसल, दूसरे कार्यकाल के दौरान ट्रंप लगातार अमेरिकी आर्मी के उपयोग की बात करते आ रहे हैं। इसमें दोस्त और दुश्मन दोनों तरह के दोस्त शामिल हैं। ट्रंप ने ईरान पर हमला करने से पहले वेनेजुएला में अभियान चलवाया था। इसके अलावा वह कनाडा और ग्रीनलैंड को भी सैन्य ताकत के दम पर हथियाने की बात कर चुके हैं। ईरान पर हमले के दौरान ट्रंप लगातार क्यूबा के ऊपर सैन्य ताकत के इस्तेमाल की बात करते रहे हैं। ऐसे में संभव है कि अमेरिकी सेना का अगला निशाना क्यूबा ही हो।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



