Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Getty Images
5 घंटे पहले
पढ़ने का समय: 6 मिनट
बुधवार को टी-20 वर्ल्ड कप में अफ़ग़ानिस्तान और साउथ अफ़्रीका के बीच मुक़ाबले का नतीज़ा बेहद रोमांचक अंदाज़ में निकला.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में साउथ अफ़्रीका ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए छह विकेट पर 187 रन बनाए.
वहीं अफ़ग़ानिस्तान की पूरी टीम 20 ओवर ख़त्म होने से दो गेंद पहले ठीक 187 रन पर आउट हो गई.
इस वजह से मैच सुपर ओवर में पहुंच गया.
लेकिन पहला सुपर ओवर भी टाई हो गया.
मैच दूसरे सुपर ओवर में पहुंचा. लेकिन दूसरे सुपर ओवर में बाज़ी साउथ अफ़्रीका के हाथ लगी.
ऐसे हुआ मैच टाई
साउथ अफ़्रीका का मैच आख़िरी ओवर में बेहद रोमांचक मोड़ पर दिख रहा था. अफ़ग़ानिस्तान को आख़िरी दो ओवर में 23 चाहिए थे.
साउथ अफ़्रीका कगिसो रबाडा आख़िरी ओवर की पहली गेंद डालने आए. पहली गेंद नो बॉल रही. इसके बाद उन्होंने वाइड बॉल फेंकी.
इस तरह पहली गेंद पर एक रन बना जबकि दूसरी गेंद पर नूर अहमद ने छक्का जड़ दिया.
तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना. चौथी गेंद नो बॉल रही. चौथी गेंद पर दो रन लेने के चक्कर में फ़ज़ल हक़ रन आउट हो गए और इस तरह साउथ अफ़्रीका और अफ़ग़ानिस्तान का स्कोर बराबर हो गया.
इस वजह से मैच टाई हो गया और फ़ैसला सुपर ओवर पर टिक गया.
पहला सुपर ओवर
इमेज स्रोत, Surjeet Yadav-ICC/ICC via Getty Images
पहले सुपर ओवर में अफ़ग़ानिस्तान की तरफ़ से रहमतुल्लाह गुरबाज़ और अज़मत बल्लेबाजी करने आए.
लुंगी एनगिडी को सुपर ओवर करने दिया गया. पहली गेंद पर अज़मतुल्लाह ओमरज़ाई ने चौका लगा दिया.
दूसरी गेंद पर अज़मतुल्लाह ने छक्का जमाया. तीसरी गेंद पर एक रन आया.
इसके बाद गुरबाज़ स्ट्राइक पर आए. उन्होंने सिंगल लिया. पांचवीं गेंद पर अज़मतुल्लाह ने उठाकर शॉट मारा. बाउंड्री पर रबाडा कैच लेने गए लेकिन गेंद चार रन के लिए बाहर चला गई.
आख़िरी गेंद पर अफ़ग़ानिस्तान को एक रन मिला. अज़मतुल्लाह ने 5 गेंद पर 16 रन और गुरबाज़ ने एक रन बनाया.
अफ़ग़ानिस्तान ने साउथ अफ़्रीका को 18 रन का टारगेट दिया. इसके बाद साउथ अफ़्रीका की तरफ़ से बैटिंग करने उतरे डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर.
अफ़ग़ानिस्तान ने फज़लहक़ फ़ारूकी को गेंद थमाई. पहली गेंद पर डेविड मिलर ने एक रन बनाया.
अगली गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस ने छक्का जड़ दिया.
लेकिन तीसरी गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस आउट हो गए. इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर आए. उन्होंने आते ही चौथी गेंद पर चौका मार दिया. लेकिन पांचवीं गेंद पर स्टब्स कोई रन नहीं बना पाए.
आख़िरी गेंद पर स्टब्स ने छक्का जड़ा और सुपर ओवर भी टाई हो गया.
दूसरे सुपर ओवर में क्या हुआ
इमेज स्रोत, hammi MEHRA / AFP via Getty Images
दूसरे सुपर ओवर मैच में पहले दक्षिण अफ़्रीका की टीम बल्लेबाज़ी करने के लिए उतरी. अफ़ग़ानिस्तान की ओर से गेंद अज़मतुल्लाह को थमाई गई.
इस बार स्टब्स ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया. दूसरी गेंद पर उन्होंने एक रन लिया. फिर सामने आए डेविड मिलर जिन्होंने दो गेंदों पर लगातार दो छक्के जमाए और दो रन बनाए.
इस तरह दक्षिण अफ़्रीका ने अफ़ग़ानिस्तान को जीत के लिए 24 रन का टारगेट दिया.
दूसरे सुपर ओवर में अफ़ग़ानिस्तान की तरफ़ से बैटिंग करने उतरे अज़मतुल्लाह ओमरज़ाई और मोहम्मद नबी. दक्षिण अफ़्रीका ने केशव महाराज को गेंद थमाई.
उनकी पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना. दूसरी गेंद पर नबी का विकेट गिर गया.
इसके बाद गुरबाज़ ने लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़ दिए. इस वक्त सारा स्टेडियम तालियों से गूंज रहा था.
कमेंट्री बॉक्स से लेकर दर्शक दीर्घा तक ख़ूब जोश का माहौल था.
केशव महाराज की अगली गेंद वाइड गई. लेकिन आख़िरी गेंद पर गुरबाज़ आउट हो गए.
और इस तरह अफ़ग़ानिस्तान सुपर ओवर में हार गया.
सोशल मीडिया पर गुरबाज़ की तारीफ़
इमेज स्रोत, R.SATISH BABU/AFP via Getty Images
सोशल मीडिया कई लोग अफ़ग़ानिस्तान के बल्लेबाज़ गुरबाज़ की ख़ूब तारीफ़ कर रहे हैं. कई लोग इसे सबसे बढ़िया टी-20 मैच भी बता रहे हैं.
एक्स पर एक यूज़र अभिजीत घोष ने लिखा, ”हमने अब तक का सबसे अच्छा टी-20 मैच देख लिया.”
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज़ प्रतिका रावल ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा – गुरबाज़ के लिए बुरा लगा. उन्होंने अपना पूरा ज़ोरा लगाया लेकिन फिर भी अफ़ग़ानिस्तान हार गया. क्रिकेट के लिए क्या दिन था ये!
राजेश कुमार नाम के एक यूज़र ने लिखा कि इस मैच में फ़िल्मों से ज़्यादा सस्पेंस था. उन्होंने लिखा, “टी20 वर्ल्ड कप अपने पीक पर है.”
हेतांश देसाई ने एक्स पर लिखा – ‘गुरबाज़ आज के मैच में अफ़ग़ानिस्तान की वन मैन आर्मी थे.’
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
SOURCE : BBC NEWS



