Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Getty Images
51 मिनट पहले
पढ़ने का समय: 4 मिनट
पाकिस्तान का कहना है कि उसने ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान सीमा क्षेत्र में ‘सात आतंकी ठिकानों और शिविरों’ को निशाना बनाया है.
वहीं अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने बताया है कि नंगरहार और पक्तिका में हुए पाकिस्तान के हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत दर्जनों लोग मारे गए हैं.
साथ ही तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय ने ‘उचित समय पर’ जवाबी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है.
बीबीसी पश्तो के मुताबिक़, अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कर नांगरहार और पक्तिका प्रांतों में ‘नागरिक इलाक़ों’ में पाकिस्तान के हालिया हमलों की निंदा की है.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
नंगरहार में एक घर पर हमले में 20 लोगों के मारे जाने का दावा किया जा रहा है. वहीं पक्तिका में एक मदरसे को निशाना बनाया गया.
दूसरी ओर पाकिस्तान का कहना है कि यह कार्रवाई हाल ही में उसके देश में हुए आत्मघाती हमलों के जवाब में की गई है.

पाकिस्तान ने क्या कहा
पाकिस्तान ने कहा है कि उसने ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान सीमा क्षेत्र में ‘सात आतंकवादी ठिकानों और शिविरों को निशाना बनाया’ है.
पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के मुताबिक़, ये हमले फ़ितना अल ख़्वारिज (एफ़एके) से जुड़े पाकिस्तानी तालिबान और उसके सहयोगी संगठनों और इस्लामिक स्टेट ऑफ़ ख़ोरासान प्रांत (आईएसकेपी) के ‘आतंकवादी ठिकानों और शिविरों’ पर हुए हैं.
पाकिस्तान का कहना है कि यह कार्रवाई हाल ही में उसके देश में हुए आत्मघाती हमलों के जवाब में की गई है.
एक बयान में कहा गया, “पाकिस्तान के पास पुख़्ता सबूत हैं कि ये आतंकवादी हमले ख़्वारिज ने अपने अफ़ग़ानिस्तान स्थित लीडरशिप और हैंडलर्स के निर्देश पर किए. इन हमलों की ज़िम्मेदारी अफ़ग़ानिस्तान स्थित पाकिस्तानी तालिबान, जो फ़ितना अल ख़्वारिज से जुड़े हैं, उनके सहयोगी संगठनों और इस्लामिक स्टेट ऑफ़ ख़ोरासान प्रांत ने भी ली है.”
पाकिस्तान ने कहा कि उसने कई बार अफ़ग़ान तालिबान सरकार से कोई ठोस क़दम उठाने की मांग की लेकिन इन समूहों के ख़िलाफ़ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
इसके साथ ही पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार से मांग की कि वह अपने देश की ज़मीन का इस्तेमाल ‘पाकिस्तान के ख़िलाफ़ ख़्वारिज और अन्य आतंकवादियों’ को करने से रोके.
इमेज स्रोत, EPA
तालिबान सरकार ने दी चेतावनी
अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तानी सेना पर अफ़ग़ानिस्तान की सीमा के उल्लंघन का आरोप लगाया है.
तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी सेना के हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित दर्जनों लोग मारे गए हैं और घायल हुए हैं.
ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने एक बयान में कहा, “बीती रात पाकिस्तानी सेना ने नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में हमारे निर्दोष नागरिकों पर बमबारी की, जिसकी वजह से महिलाओं और बच्चों सहित दर्जनों लोग मारे गए और घायल हुए.”
उन्होंने कहा, “पाकिस्तानी जनरल अपने देश की सुरक्षा संबंधी कमज़ोरियों की भरपाई ऐसे अपराधों के ज़रिए कर रहे हैं.”
तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इनायतुल्लाह ख्वारिज्मी ने एक बयान में कहा, “अफ़ग़ानिस्तान की राष्ट्रीय संप्रभुता के इस घोर उल्लंघन और अपराध की रक्षा मंत्रालय कड़ी निंदा करता है और इस कृत्य को अंतरराष्ट्रीय क़ानून, अच्छे पड़ोसी सिद्धांतों और इस्लामी मूल्यों का स्पष्ट उल्लंघन मानता है.”
बयान में कहा गया, “रक्षा मंत्रालय देश की संप्रभुता और जनता की रक्षा को अपना दायित्व मानता है और उचित समय पर सुनियोजित प्रतिक्रिया की चेतावनी देता है.”
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
SOURCE : BBC NEWS



