Home राष्ट्रीय समाचार सुपर-8 के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रन से...

सुपर-8 के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हराया

37
0

Source :- BBC INDIA

सूर्यकुमार यादव

इमेज स्रोत, Getty Images

22 फ़रवरी 2026, 20:55 IST

अपडेटेड 13 मिनट पहले

पढ़ने का समय: 5 मिनट

टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हरा दिया है.

दक्षिण अफ्रीका की ओर से मिले 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 111 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.

दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट गंवाकर 20 ओवर में 187 रन बनाए थे.

मार्को यानसन ने चार और केशव महाराज ने तीन विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका की जीत में अहम भूमिका निभाई. भारत की ओर से शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए.

यह टीम इंडिया की टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पहली हार है. टीम इंडिया ग्रुप स्टेज में अपने सभी चारों मुकाबले जीतने में कामयाब रही थी.

तिलक वर्मा

इमेज स्रोत, Getty Images

लेकिन दक्षिण अफ्रीका की जीत के लिए डेविड मिलर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

दक्षिण अफ्रीका के लिए मिलर ने 63 और ब्रेविस ने 45 रन की पारी खेली. इन दोनों की चौथे विकेट के लिए 97 रन की पार्टनरशिप की बदौलत दक्षिण अफ्रीका की टीम 187 रन के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही.

जसप्रीत बुमराह भारत के लिए सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए. उन्होंने चार ओवर में महज 15 रन खर्च कर तीन विकेट हासिल किए.

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया.

नाकाम रहे भारतीय बल्लेबाज

टीम इंडिया

इमेज स्रोत, Getty Images

टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की ओर से मिले 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही है.

भारत के ओपनर ईशान किशन पहले ओवर की चौथी गेंद पर बिना कोई रन बनाए आउट हो गए. उनका विकेट दक्षिण अफ्रीका के कप्तान मारक्रम ने लिया.

इसके बाद दूसरे ओवर की पहली गेंद पर तिलक वर्मा भी एक रन बनाकर आउट हो गए. उनका विकेट यानसन ने लिया है. भारत ने 1.1 ओवर में पांच रन पर ही दो विकेट गंवा दिए थे.

हालांकि तीन मैच के बाद अभिषेक शर्मा अपना खाता खोलने में कामयाब रहे और उन्होंने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाया.

अभिषेक शर्मा ने कुछ देर क्रीज पर टिकने की कोशिश जरूर की. लेकिन पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर वो भी आउट हो गए. भारत ने 26 के स्कोर पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे.

दक्षिण अफ्रीका

इमेज स्रोत, Getty Images

जल्दी तीन विकेट गिरने की वजह से भारत ने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए वाशिंगटन सुंदर को भेजा. लेकिन ये दांव भी काम नहीं किया और सुंदर महज 11 रन बनाकर ही आउट हो गए.

भारत की बैटिंग इतनी खराब रही कि टीम ने 8.3 ओवर में 50 रन पूरे किए. लेकिन क्रीज पर 22 गेंद तक संघर्ष करने के बाद कप्तान सूर्यकुमार भी आउट हो गए. उन्होंने 18 रन बनाए.

9.1 ओवर में 51 रन पर ही भारत की आधी टीम पवेलियन वापस लौट चुकी थी. इसके बाद हार्दिक पंड्या ने शिवम दुबे के साथ मिलकर भारतीय पारी को संभालने की कोशिश जरूर की. लेकिन उनकी पारी भी 18 रन से आगे नहीं बढ़ी.

15वें ओवर में केशव महाराज ने कमाल करते हुए हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह और अर्शदीप सिंह का विकेट लिया. रिंकू सिंह दो गेंद पर जीरो रन बनाकर आउट हुए.

शिवम दुबे ने जरूर 37 गेंद पर 42 रन की पारी खेलकर भारत के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया. लेकिन यानसन ने उनका विकेट भी ले लिया.

खराब शुरुआत के बाद संभली दक्षिण अफ्रीका की पारी

जसप्रीत बुमराह

इमेज स्रोत, Getty Images

पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही.

भारतीय तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने शुरुआत में कसी हुई गेंदबाजी की. दक्षिण अफ्रीका के ओपनर्स के बल्ले से मैच की 10वीं गेंद पर पहली बाउंड्री निकली. पर अगली ही बॉल पर जसप्रीत बुमराह ने डी कॉक को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिला दी.

अर्शदीप ने भी अगले ओवर में कमाल दिखाया और उन्होंने तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर कप्तान मारक्रम का विकेट ले लिया. 2.4 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 12 रन है.

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे रिकलटन भी ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए. बुमराह ने चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें आउट कर दिया.

पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम चार ओवर में 20 रन पर तीन विकेट गंवाकर दबाव में आती हुई दिखी.

मिलर-ब्रेविस

इमेज स्रोत, Getty Images

लेकिन इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने डेविड मिलर के साथ मिलकर अफ्रीका की पारी को संभालने की कोशिश की और काउंटर अटैक शुरू कर दिया. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 30 गेंद पर 50 रन की पार्टनरशिप पूरी हुई.

ब्रेविस और मिलर की बदौलत 10 ओवर के दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 84 तक पहुंच गया.

हालांकि 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर शिवम दुबे ने ब्रेविस का विकेट लिया. ब्रेविस ने 29 गेंद में 45 रन की पारी खेली. लेकिन मिलर डटे रहे और 26 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया.

ब्रेविस के आउट होने के बाद मिलर ने स्टब्स के साथ मिलकर अफ्रीका की पारी को आगे बढ़ाया. लेकिन मैच में महंगे साबित हो रहे वरुण चक्रवर्ती ने ही भारत को मिलर का अहम विकेट दिलाया. मिलर ने 35 गेंद पर 63 रन की पारी खेली.

मिलर की पारी में सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे. वरुण ने 16वें ओवर की चौथी गेंद पर मिलर का विकेट लिया. 152 के स्कोर पर अफ्रीका पांचवां विकेट गिरा.

अर्शदीप सिंह ने 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर यानसन को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को फिर से दबाव में ला दिया.

स्टब्स ने 24 गेंद में 44 रन की नाबाद पारी खेलकर दक्षिण अफ्रीका के स्कोर को 187 रन तक पहुंचा दिया.

बुमराह के तीन विकेट के अलावा अर्शदीप सिंह ने दो विकेट लिए. वहीं वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को एक-एक विकेट मिला.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS