Source :- LIVE HINDUSTAN
स्वीडन की गेमिंग कंपनी मॉडर्न टाइम्स ग्रुप एमटीजी एबी की पूर्ण स्वामित्व वाली भारतीय सब्सिडयरी प्लेसिंपल गेम्स लिमिटेड ने आईपीओ के लिए कदम बढ़ा लिए हैं। कंपनी ने 3,150 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने के लिए सेबी के समक्ष ड्राफ्ट पेपर दाखिल किए हैं।
IPO News: एक और गेमिंग कंपनी शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रही है। दरअसल, स्वीडन की गेमिंग कंपनी मॉडर्न टाइम्स ग्रुप एमटीजी एबी की पूर्ण स्वामित्व वाली भारतीय सब्सिडयरी प्लेसिंपल गेम्स लिमिटेड ने 3,150 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने के लिए सेबी के समक्ष ड्राफ्ट पेपर दाखिल किए हैं। बता दें कि एक अन्य गेमिंग कंपनी नजारा टेक्नोलॉजीज शेयर बाजार में लिस्टेड है। इस गेमिंग कंपनी के शेयर की कीमत फिलहाल 271 रुपये है।
ऑफर फॉर सेल वाला आईपीओ
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष दाखिल दस्तावेजों के अनुसार यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) पर आधारित होगा। मतलब ये कि आईपीओ में फ्रेश शेयर नहीं होंगे। सिर्फ शेयरधारक या प्रमोटर ही हिस्सेदारी की बिक्री करेंगे। वहीं, इश्यू का साइज लगभग 3150 करोड़ रुपये तक हो सकता है। प्लेसिंपल गेम्स लिमिटेड के मौजूदा प्रमोटर, MTGx गेमिंग होल्डिंग AB द्वारा अपनी हिस्सेदारी बेचने वाली है। इसके पा फिलहाल कंपनी में 97 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है। MTG ने कहा कि आईपीओ के बाद भी वह प्लेसिंपल में बहुलांश हिस्सेदारी बनाए रखने का इरादा रखती है। इस आईपीओ का प्रबंधन एक्सिस कैपिटल, जेपी मॉर्गन और मॉर्गन स्टैनली द्वारा मुख्य प्रबंधकों के रूप में किया जाएगा।
ग्लोबल मोबाइल एंटरटेनमेंट कंपनी
प्लेसिंपल गेम्स लिमिटेड भारत में स्थित एक ग्लोबल मोबाइल एंटरटेनमेंट कंपनी है, जो कैज़ुअल मोबाइल गेमिंग पर फोकस करती है। वित्त वर्ष 2025 तक यह रेवेन्यू के मामले में भारत की सबसे बड़ी ‘प्योर-प्ले’ कैज़ुअल मोबाइल गेम्स कंपनी है और कैलेंडर वर्ष 2025 में डाउनलोड के आधार पर मोबाइल वर्ड गेम्स की श्रेणी में यह दुनिया भर में पहले स्थान पर रही। आंकड़ों के अनुसार इस साल दुनिया भर में हुए 731 मिलियन वर्ड गेम डाउनलोड में से लगभग 14 प्रतिशत इसी कंपनी के थे।
31 दिसंबर 2025 तक कंपनी के पास पांच मुख्य श्रेणियों—सर्च, क्रॉसवर्ड, एनाग्राम, अन्य वर्ड गेम्स और नॉन-वर्ड पजल्स में 30 लाइव कैजुअल मोबाइल गेम्स का पोर्टफोलियो है। इसके पोर्टफोलियो में वर्ड सर्च एक्सप्लोर जैसे लोकप्रिय गेम्स शामिल हैं।
वित्तीय मोर्चे पर प्लेसिंपल गेम्स लिमिटेड ने FY25 में 2,259.82 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया, जो पिछले साल के 1,876.86 करोड़ रुपये से अधिक है। हालांकि, कंपनी का प्रॉफिट एक साल पहले के 521.19 करोड़ रुपये से घटकर 359.03 करोड़ रुपये रह गया। इस साल कुल ऐप डाउनलोड 15.02 करोड़ रहे जबकि पिछले साल यह संख्या 7.15 करोड़ थी। कैलेंडर वर्ष 2025 में डाउनलोड्स के आधार पर कंपनी की उपस्थिति 110 से अधिक देशों में है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



