Home विश्व समाचार लेबनान में गाजा स्टाइल? सीजफायर के बावजूद इजरायल ने बनाई येलो लाइन,...

लेबनान में गाजा स्टाइल? सीजफायर के बावजूद इजरायल ने बनाई येलो लाइन, किए ताबड़तोड़ हमले

15
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

आईडीएफ के बयान के अनुसार, पिछले 24 घंटों में येलो लाइन के दक्षिण में तैनात इजरायली बलों ने ऐसे आतंकवादियों की पहचान की, जिन्होंने सीजफायर समझौते का उल्लंघन किया और रेखा के उत्तर से सैनिकों की ओर बढ़े।

इजरायल और लेबनान के बीच 16 अप्रैल को लागू हुए सीजफायर को महज कुछ दिनों बाद ही फिर से चुनौती मिल रही है। इजरायली रक्षा बल (IDF) ने दक्षिणी लेबनान में एक नई परिचालन सीमा रेखा बनाई है, जिसे ‘येलो लाइन’ नाम दिया गया है। यह रेखा गाजा में इस्तेमाल की जाने वाली रेखा के समान है। आईडीएफ ने दावा किया है कि इस रेखा के उत्तर से आने वाले हिजबुल्लाह आतंकवादियों पर हमले किए गए हैं, क्योंकि वे इजरायली सैनिकों के लिए तत्काल खतरा बन रहे थे।

आईडीएफ के बयान के अनुसार, पिछले 24 घंटों में येलो लाइन के दक्षिण में तैनात इजरायली बलों ने ऐसे आतंकवादियों की पहचान की, जिन्होंने सीजफायर समझौते का उल्लंघन किया और रेखा के उत्तर से सैनिकों की ओर बढ़े। सेना ने कहा है कि खतरे को खत्म करने के लिए बलों ने कई क्षेत्रों में आतंकवादियों पर हमला किया। आत्मरक्षा और तत्काल खतरों को दूर करने की कार्रवाई युद्धविराम से प्रतिबंधित नहीं है।

इसके अलावा, इजरायली वायु सेना ने इजरायली सैनिकों के निकट सक्रिय एक ‘आतंकवादी गुट’ को निशाना बनाया और उसे सफाया कर दिया। एक भूमिगत शाफ्ट पर भी हमला किया गया, जिसमें हिजबुल्लाह आतंकवादी प्रवेश कर रहे थे। हमलों में तोपबारी, मशीनगन फायरिंग और दो हवाई हमलों की जानकारी भी सामने आई है। अल जजीरा के अनुसार, एक हमले का निशाना हिजबुल्लाह लड़ाकों का समूह था, जो येलो लाइन की ओर बढ़ रहा था, लेकिन उसने रेखा को पार नहीं किया था।

यह पूरा मामला 16 अप्रैल को शुरू हुए 10 दिनों के सीजफायर समझौते के ठीक बाद सामने आया है। इस समझौते का मकसद इजरायल और ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के बीच मार्च से चल रहे संघर्ष को खत्म कर वार्ता का रास्ता खोलना था। लेबनानी अधिकारियों के मुताबिक, संघर्ष में दक्षिणी लेबनान में भारी तबाही हुई और करीब 2300 लोगों की जान गई। सीजफायर के बावजूद तनाव बरकरार है।

वहीं, हिजबुल्लाह ने अपने अभियान रोक दिए हैं, लेकिन चेतावनी दी है कि अगर इजरायल समझौते का उल्लंघन करता है तो वह जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार है। लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने स्थिरता के लिए इजरायल के साथ सीधी बातचीत का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रयास स्थायी युद्धविराम, दक्षिणी क्षेत्रों से इजरायली सैनिकों की वापसी, सीमा विवाद सुलझाने और कैदियों के मुद्दे पर केंद्रित होने चाहिए।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वाशिंगटन ने युद्धविराम के बाद लेबनान में इजरायल के और हमलों पर रोक लगा दी है। ट्रंप ने कहा कि इजरायल अब लेबनान पर बमबारी नहीं करेगा। अमेरिका ने इसे प्रतिबंधित कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका हिजबुल्लाह से निपटने के लिए लेबनानी अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेगा। हालांकि, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संकेत दिया कि सैन्य उद्देश्य अभी पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि इजरायल ने अभी तक काम पूरा नहीं किया है और युद्धविराम के बावजूद हिजबुल्लाह को खत्म करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN