Home व्यापार समाचार रिलायंस इंडस्ट्रीज पर मॉर्गन स्टेनली का बड़ा दांव, शेयर में 27% की...

रिलायंस इंडस्ट्रीज पर मॉर्गन स्टेनली का बड़ा दांव, शेयर में 27% की तेजी की उम्मीद

12
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

RIL Target Price: मॉर्गन स्टेनली ने रिलायंस के शेयरों के लिए 1,803 रुपये के टार्गेट प्राइस के साथ ओवरवेट रेटिंग को दोहराया है। यह सोमवार के 1,418 रुपये के बंद भाव से 27.1 प्रतिशत की तेजी की संभावना को दर्शाता है।

RIL Target Price: ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के शेयरों को लेकर अपना पॉजिटिव नजरिया बनाए रखा है। फर्म का मानना है कि कंपनी के शेयरों में तेजी की संभावना है, क्योंकि उसके ऊर्जा कारोबार के मूल्यांकन में तेजी से उपभोक्ता कारोबार में आ सकने वाली गिरावट के असर को कम किया जा सकेगा।

सीएनबीसी टीवी-18 की खबर के मुताबिक मॉर्गन स्टेनली ने रिलायंस के शेयरों के लिए 1,803 रुपये के टार्गेट प्राइस के साथ ‘ओवरवेट’ रेटिंग को दोहराया है। यह सोमवार के 1,418 रुपये के बंद भाव से 27.1 प्रतिशत की तेजी की संभावना को दर्शाता है।

ग्लोबल उथल-पुथल के बीच रिलायंस को फायदा

ब्रोकरेज की रिपोर्ट में कहा गया है कि जहां दुनिया भर में रिफाइनिंग और एशियाई पेट्रोकेमिकल कंपनियों के वैल्युएशन में बढ़ोतरी हुई है, वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज अभी भी अपनी लोकल कंपटिटर कंपनियों के मुकाबले कम कीमत पर कारोबार कर रही है। ईरान-इजराइल-अमेरिका तनाव के कारण ग्लोबल ट्रेड में आ रही रुकावटों, तेल की कीमतों में उछाल और बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव के बीच मॉर्गन स्टेनली का कहना है कि वैश्विक बाजारों में सप्लाई में कमी और मजबूत मांग के चलते रिफाइनिंग मार्जिन लंबे समय तक ऊंचा बना रहेगा।

अगले दशक का बड़ा निवेश

गौरतलब है कि पिछले महीने भी मॉर्गन स्टेनली ने रिलायंस को अपनी ‘टॉप पिक’ बताया था। फर्म का कहना है कि रिलायंस ने अपने 48 साल के इतिहास में हर दशक में अपना रुख बदला है। एनालिस्ट का मानना है कि अगले सात वर्षों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), उससे जुड़ी एनर्जी सप्लाई और डिजिटल इकोसिस्टम में 110 अरब डॉलर का निवेश कंपनी के लिए पूंजी आवंटन की अगली बड़ी शिफ्ट होगी।

37 एनालिस्टों में से 35 ने शेयर खरीदने को कहा

रिलायंस इंडस्ट्रीज को ट्रैक करने वाले 37 एनालिस्टों में से 35 ने शेयरों को ‘खरीदने’ की सलाह दी है, जबकि केवल दो ने ‘बेचने’ की सिफारिश की है। सोमवार को रिलायंस के शेयर 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,418.6 रुपये पर बंद हुए और निफ्टी 50 इंडेक्स को दिन के निचले स्तर से उबरने में सबसे बड़ा योगदान दिया। पिछले तीन सत्रों में कंपनी के शेयर में करीब 6 प्रतिशत की तेजी आई है, जबकि इस दौरान निफ्टी 50 इंडेक्स में 2 प्रतिशत की गिरावट आई। यह उन आठ शेयरों में से एक था, जिन्होंने सोमवार को इंडेक्स में बढ़त दर्ज कराई।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN