Source :- LIVE HINDUSTAN
Russia Ukarine War: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईस्टर के मौके पर बड़ा ऐलान करते हुए यूक्रेन में एक दिन के युद्धविराम की घोषणा की है। रूस की तरफ से इस एकतरफा युद्ध विराम की घोषणा करते हुए पुतिन ने रूसी सैनिकों को स्थानीय समयानुसार शनिवार शाम 6 बजे से रविवार के अंत तक किसी भी तरह का हमला ना करने का आदेश दिया है। इस दौरान पुतिन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यूक्रेन भी रूस के फैसले का सम्मान करेगा और इस युद्धविराम में सहयोग करेगा। हालांकि पुतिन ने सेना को यूक्रेन की तरफ से किसी भी हमले के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। पुतिन ने रूस के सैन्य प्रमुख वालेरी गेरासिमोव को आदेश दिया है कि वे रूसी सैनिकों को यूक्रेन द्वारा युद्धविराम के किसी भी उल्लंघन को रोकने के लिए तैयार रखें।
क्रेमलिन ने पुतिन के हवाले से बताया, “रूस मानवीय विचारों से प्रेरित होकर रविवार से सोमवार तक ईस्टर युद्धविराम की घोषणा करता है। मैं आदेश देता हूं कि इस अवधि के लिए सभी सैन्य कार्रवाइयां रोक दी जाएं।” पुतिन ने आगे कहा, “हम आशा करते हैं कि यूक्रेनी पक्ष हमारे उदाहरण का अनुसरण करेगा। साथ ही, हमारे सैनिकों को युद्धविराम के संभावित उल्लंघन और दुश्मन की ओर से किसी भी तरह के उकसावे या आक्रमण को रोकने के लिए तैयार रहना चाहिए।”
यूक्रेन पर पुतिन के आरोप
इस दौरान पुतिन ने यूक्रेन पर कई बड़े आरोप भी लगाए। रूसी राष्ट्रपति पुतिन कहा कि गेरासिमोव ने उन्हें बताया है कि यूक्रेन ने हाल ही में एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला ना करने के समझौते का 100 से ज्यादा बार उल्लंघन किया। इससे पहले रूस ने शुक्रवार को यूक्रेन के ऊर्जा ठिकानों पर हमला करने पर लगे रोक को भी खत्म करने का ऐलान किया था। बता दें कि यूक्रेन और रूस दोनों ने एक-दूसरे पर इस समझौते को तोड़ने का आरोप लगाया था।
यूक्रेन की ईमानदारी दिख जाएगी- पुतिन
पुतिन ने शनिवार को ईस्टर युद्धविराम की घोषणा करते हुए कहा, “यह युद्धविराम प्रस्ताव दिखाएगा कि यूक्रेन, शांति समझौतों का पालन करने और शांति वार्ता की प्रक्रिया में भाग लेने के लिए इच्छा दिखाने में कितना ईमानदार है।” गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल 2022 में ईस्टर और जनवरी 2023 में ऑर्थोडॉक्स क्रिसमस के मौके पर भी युद्धविराम लागू करने की कोशिशें की गई थीं पर दोनों पक्ष उस पर सहमत नहीं हुए थे।
कुर्स्क क्षेत्र में एक और गांव पर रूस का कब्जा
इससे पहले शनिवार को ही रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया था कि रूसी सैनिकों ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में अपने बचे हुए आखिरी ठिकानों में से एक से यूक्रेनी सैनिकों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया है। रूस ने कहा कि रूसी बलों ने यूक्रेन की सीमा पर स्थित ओलेश्न्या गांव पर दोबारा नियंत्रण कर लिया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN