Home  लाइफस्टाइल समाचार महाशिवरात्रि 2026: व्रत रखने के 3 तरीके, नियम और खानपान तक, जानें...

महाशिवरात्रि 2026: व्रत रखने के 3 तरीके, नियम और खानपान तक, जानें डॉक्टर की सलाह!

21
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

संक्षेप:

Mahashivratri Vrat 2026: डॉ वैष्णवी शर्मा कहती हैं कि अगर आप भी महाशिवरात्रि के दिन व्रत रखते हैं, तो कुछ नियम और तरीके आपको पता होने चाहिए। इसके साथ ही व्रत के लिए अपने शरीर को कैसे तैयार करने है, इससे जुड़ी कुछ टिप्स उन्होंने साझा की हैं।

महाशिवरात्रि हिंदू धर्म से जुड़े महत्वपूर्ण धार्मिक त्योहारों में से एक है। बहुत से शिवभक्त इस दिन उपवास करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार महाशिवरात्रि के दिन व्रत रखने से मन और शरीर दोनों भगवान शिव की ऊर्जा प्राप्त करने के लिए तैयार होते हैं और उनसे गहरा जुड़ाव भी होता है। कहते हैं महाशिवरात्रि की रात बहुत ही शक्तिशाली होती है और इसी ऊर्जा को प्राप्त करने के लिए उपवास रखने की सलाह दी जाती है। आयुर्वेदिक कंसल्टेंट डॉ वैष्णवी शर्मा कहती हैं कि अगर आप भी महाशिवरात्रि के दिन व्रत रखते हैं, तो कुछ नियम और तरीके आपको पता होने चाहिए। इसके साथ ही व्रत के लिए अपने शरीर को कैसे तैयार करने है, इससे जुड़ी कुछ टिप्स उन्होंने साझा की हैं।

महाशिवरात्रि व्रत की टाइमिंग क्या होती है?

इस साल महाशिवरात्रि का पर्व 15 फरवरी के दिन मनाया जा रहा है। ऐसे में आपको अपने उपवास की शुरुआत ब्रह्म मुहूर्त में करनी है और अगले दिन तक यानी 16 फरवरी को सुबह 7 बजे व्रत का समापन करना है। इस समय तक महाशिवरात्रि के चार प्रहर समाप्त हो जाते हैं।

महाशिवरात्री पर उपवास रखने के 3 तरीके

1) निर्जला व्रत : महाशिवरात्री पर बहुत से शिवभक्त निर्जला उपवास करते हैं। इस दौरान वो पानी तक नहीं पीते। हालांकि इस तरह का उपवास सिर्फ उन साधकों के लिए है जिन्हें पहले से ही काफी अनुभव है। डॉक्टर कहती हैं कि अगर आपको कोई भी मेडिकल कंडीशन है, तो इस तरह का फास्ट बिल्कुल अवॉइड करें। भगवान शिव शारीरिक कष्ट से ज्यादा भक्ति और सच्ची श्रद्धा को महत्व देते हैं।

2) फलाहारी व्रत: महाशिवरात्रि पर ज्यादातर लोग फलाहारी व्रत रखते हैं। इसमें आप दिन में एक बार फल और पानी ले सकते हैं। डॉक्टर सलाह देती हैं कि इस तरह की फास्टिंग में अल्कलाइन फ्रूट्स जैसे सेब, नाशपाती, केला, नारियल पानी, तरबूज आदि का सेवन करें। ये शरीर को हल्का, हाइड्रेट और एनर्जी से भरपूर रखने में मदद करते हैं।

3) सात्विक खानपान: उपवास रखने का ये तरीका सबसे ज्यादा सेफ माना जाता है। इसमें भक्त हर तरह का अनाज और नमक खाने से परहेज करते हैं। इस दौरान केवल शुद्ध सात्विक खानपान रखा जाता है।

अपने शरीर को देखकर चुनें सही तरीका

डॉ वैष्णवी सलाह देती हैं कि अपनी बॉडी और मेडिकल कंडीशन को ध्यान में रखते हुए आप उपवास का कोई भी तरीका अपना सकते हैं। बहुत ज्यादा कठोर होने की जरूरत नहीं है, अपने शरीर की सीमाओं को ध्यान में रखें। महाशिवरात्रि का सच्चा व्रत भाव, समर्पण, मौन और जागरूकता है। सच्ची श्रद्धा और भक्ति के साथ रखा गया साधारण सा व्रत भी महादेव शिव को प्रसन्न करने के लिए पर्याप्त है।

उपवास के लिए पहले से तैयार करें अपना शरीर

डॉ वैष्णवी कहती हैं कि महाशिवरात्रि पर व्रत रख रहे हैं तो बेहतर रहेगा कि अपनी बॉडी को पहले से ही उसके लिए तैयार कर लें। अभी से ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीना शुरू करें, ताकि बॉडी हाइड्रेट रहे। अपनी डाइट में ज्यादा से ज्यादा फाइबर रिच फूड्स शामिल करें। ऐसा करने से व्रत वाले दिन आपको ज्यादा परेशानी नहीं होगी और पूरे भाव के साथ आप भगवान की साधना में लीन हो पाएंगे।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN