Home व्यापार समाचार भारत बंद: बैंकिंग सर्विस पर भी पड़ेगा असर? ब्रांच जाने से पहले...

भारत बंद: बैंकिंग सर्विस पर भी पड़ेगा असर? ब्रांच जाने से पहले जान लीजिए

14
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

संक्षेप:

बता दें कि कई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने पहले ही अपने ग्राहकों को बता दिया है कि हड़ताल की वजह से पूरे भारत में शाखाओं और प्रशासनिक कार्यालयों का कामकाज प्रभावित हो सकता है। इसमें एसबीआई और बैंक ऑफ बड़ौदा शामिल हैं।

अगर गुरुवार को अपने काम से बैंक ब्रांच जाने की योजना बना रहे हैं तो ये खबर आपके लिए है। दरअसल, केन्द्रीय ट्रेड यूनियनों ने 12 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल बुलाई है। आम हड़ताल में अलग-अलग क्षेत्र के 30 करोड़ कामगारों के शामिल होने की उम्मीद है। इस हड़ताल की वजह से गुरुवार को पूरे देश में बैंकिंग सर्विस पर बुरा असर पड़ सकता है। इसके अलावा बिजली, बीमा, परिवहन, स्वास्थ्य के साथ-साथ गैस और पानी आपूर्ति से जुड़ी सेवाओं पर असर पड़ सकता है।

तीन यूनियन हड़ताल में शामिल

बैंकिंग सेवाओं पर भी असर पड़ेगा क्योंकि नौ में से तीन यूनियन-ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (एआईबीईए), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (एआईबीओए) और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीईएफआई) हड़ताल में हिस्सा ले रही हैं। ऑल-इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन (एआईबीओसी) और बैंकिंग उद्योग की पांच दूसरी यूनियनें हड़ताल में हिस्सा नहीं ले रही हैं लेकिन हड़ताल का समर्थन कर रही हैं।

बता दें कि कई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने पहले ही अपने ग्राहकों को बता दिया है कि हड़ताल की वजह से पूरे भारत में शाखाओं और प्रशासनिक कार्यालयों का कामकाज प्रभावित हो सकता है। एआईबीओसी के महासचिव, रूपम रॉय ने कहा कि यूनियन ने हड़ताल को समर्थन किया है। नेशनल कन्फेडरेशन ऑफ बैंक एम्प्लॉइज (एनसीबीई) के महासचिव एल चंद्रशेखर ने कहा कि हम हड़ताल का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन हमने केन्द्रीय ट्रेड यूनियनों को समर्थन दिया है।

27 जनवरी को भी हुई थी हड़ताल

ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस की महासचिव अमरजीत कौर ने बताया-12 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल की वजह से बिजली, बैंकिंग, बीमा, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, गैस और जलापूर्ति की सेवाओं पर असर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि सभी बैंक यूनियन हड़ताल में हिस्सा नहीं लेंगे क्योंकि उनका यूनाइटेड फ्रंट 27 जनवरी को पहले ही हड़ताल कर चुका है। हालांकि, एआईबीईए, एआईबीओए और बीईएफआई जैसी बैंक कामगार यूनियनें विरोध में हिस्सा लेंगी।

किस बैंक ने क्या कहा?

बैंक ऑफ बड़ौदा ने स्टॉक एक्सचेंज को लिखे पत्र में कहा- बैंक हड़ताल के दिन अपनी शाखाओं और कार्यालयों के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है। हड़ताल होने की स्थिति में, शाखाओं और कार्यालयों का कामकाज प्रभावित हो सकता है। वहीं, एसबीआई ने कहा कि बैंक ने हड़ताल के दिन अपनी शाखाओं और कार्यालयों में सामान्य कामकाज सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली हैं, फिर भी बैंक के कामकाज पर सीमित प्रभाव पड़ने की संभावना है। इसके अलावा यूको बैंक और आईडीबाआई बैंक ने भी ग्राहकों को अलर्ट किया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN