Home व्यापार समाचार फिनो पेमेंट्स बैंक के CEO की गिरफ्तारी पर उठे सवाल, एक्शन मोड...

फिनो पेमेंट्स बैंक के CEO की गिरफ्तारी पर उठे सवाल, एक्शन मोड में वित्त मंत्री

8
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

कर अधिकारियों ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से संबंधित कानून का उल्लंघन करने के आरोप में यह गिरफ्तारी की थी। अब सोमवार को बैंक के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। आइए डिटेल में इस पूरे मामले को जानते हैं।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को आश्वासन दिया कि वह फिनो पेमेंट्स बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ ऋषि गुप्ता की गिरफ्तारी से संबंधित मामले की जांच करेंगी। बता दें कि कर अधिकारियों ने शुक्रवार को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से संबंधित कानून का उल्लंघन करने के आरोप में यह गिरफ्तारी की थी। अब सोमवार को बैंक के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी।

क्या कहा वित्त मंत्री ने?

दरअसल, उद्योग जगत के दिग्गज मोहनदास पई ने गिरफ्तारी को लेकर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या अधिकारियों ने जीएसटी कानूनों के तहत एक बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को गिरफ्तार करने में अपनी सीमा का उल्लंघन किया है।

पई ने सवाल उठाया कि एक विनियमित बैंक के सीईओ को एक कारोबारी साझेदार से जुड़े मामले में कैसे गिरफ्तार किया जा सकता है? उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने जीएसटी नियमों के तहत अपनी शक्तियों का दुरुपयोग किया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि नागरिकों को इन शक्तियों के दुरुपयोग से बचाने के लिए क्या सुरक्षा उपाय मौजूद हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को टैग करते हुए उन्होंने कहा- कृपया इसे देखें। एक विनियमित बैंक के सीईओ को एक कारोबारी साझेदार से जुड़े मामले में कैसे गिरफ्तार किया जा सकता है? क्या यह शक्तियों का दुरुपयोग नहीं है? उन्होंने आगे कहा कि वित्त मंत्रालय ने जीएसटी के लिए व्यापक शक्तियां दी हैं। इसके दुरुपयोग से नागरिकों की सुरक्षा के लिए क्या उपाय हैं? कृपया हस्तक्षेप करें। जवाब में निर्मला सीतारमण ने कहा- मैं इसकी जांच करूंगी।

क्या है मामला?

कर अधिकारियों ने जीएसटी से संबंधित कानून का उल्लंघन करने के आरोप में फिनो पेमेंट्स बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ऋषि गुप्ता को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद, एक विशेष बोर्ड बैठक बुलाई गई जिसमें बैंक के मुख्य वित्तीय अधिकारी केतन मर्चेंट को संगठन का प्रमुख नियुक्त किया गया ताकि वे दैनिक कार्यों का संचालन और देखरेख कर सकें।

बैंक ने बताया कि गुप्ता को “सीजीएसटी और एसजीएसटी अधिनियम, 2017 की धारा 132(1)(ए) और 132(1)(आई) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।” बैंक ने बताया कि यह जांच बैंक के जीएसटी अनुपालन से संबंधित नहीं है बल्कि इसका संबंध बैंक के व्यापारिक साझेदारों से है।

शेयर में बड़ी गिरावट

फिनो पेमेंट्स बैंक के शेयर की बात करें तो शुक्रवर को 7.50% टूटकर 192.45 रुपये पर बंद हुआ। अब सोमवार को बैंक के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। बीते साल शेयर 339 रुपये से 180.50 रुपये के रेंज में रहा था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई और लो है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN