Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका ने बांग्लादेश पर लगाए गए टैरिफ़ की दर घटाकर 19 प्रतिशत कर दी है. सोमवार, 9 फ़रवरी को दोनों देशों के बीच एक व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए गए.
व्हाइट हाउस की ओर से जारी दोनों देशों के संयुक्त बयान में कहा गया, “अमेरिका और बांग्लादेश ने अपने द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मज़बूत करने के लिए रेसिप्रोकल ट्रेड (एग्रीमेंट) पर सहमति जताई है.”
संयुक्त बयान में समझौते की मुख्य शर्तें बताई गई हैं.
इसमें कहा गया है, “अमेरिका बांग्लादेश के सामानों पर टैरिफ़ दर को घटाकर 19 प्रतिशत करेगा, और ऐसे उत्पादों की पहचान करेगा जिन पर ज़ीरो प्रतिशत टैरिफ़ लगेगा.”
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़ बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने कहा कि अमेरिका ने “बांग्लादेश में अमेरिकी कपास और मानव निर्मित फ़ाइबर के इस्तेमाल से बनाए गए कुछ टेक्सटाइल और कपड़ों के सामान पर ज़ीरो रेसिप्रोकल टैरिफ़ के लिए एक तंत्र स्थापित करने का वादा किया है.”
बयान में ये भी बताया गया है कि बांग्लादेश अमेरिका के औद्योगिक और कृषि सामानों को अपने बाज़ारों में अहमियत देने के लिए प्रतिबद्ध है. इसमें केमिकल, मेडिकल डिवाइस, मशीनरी और मोटर वाहन और उसके पार्ट्स, सूचना और संचार प्रौद्योगिकी के उपकरण, ऊर्जा उत्पाद, सोया उत्पाद, डेयरी उत्पाद, बीफ़, पोल्ट्री, मेवे और फल शामिल हैं.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल बांग्लादेश पर 37 प्रतिशत टैरिफ़ का एलान किया था, फिर अगस्त में इसे घटाकर 20 प्रतिशत कर दिया गया था.
SOURCE : BBC NEWS



