Home  लाइफस्टाइल समाचार पार्टनर से इन 6 बातों पर कभी नहीं करना चाहिए मजाक, अंदर...

पार्टनर से इन 6 बातों पर कभी नहीं करना चाहिए मजाक, अंदर से खोखला हो जाता है रिश्ता!

10
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अगर रिश्ते को मजबूत बनाना है तो मजाक और बेइज्जती के बीच का जो बारीक अंतर है उसे समझना बहुत जरूरी है। कपल क्रिएटर्स संगीता और निखिल ने ऐसी ही बातों की लिस्ट शेयर की है, जिनपर कपल्स को कभी भी मजाक नहीं करना चाहिए।

कपल्स का रिश्ता प्यार, भरोसे और सम्मान पर टिका होता है। इसके साथ ही बीच-बीच में थोड़ी छेड़छाड़ और हंसी-मजाक का होना भी जरूरी है, क्योंकि इससे उनका रिश्ता खुशनुमा और तरोताजा बना रहता है। समय के साथ जब रिश्ता पुराना होता जाता है तो मजाक और छेड़छाड़ भी बढ़ जाती है, जो एक हद तक रिश्ते को हल्का और खुशमिजाज बनाती है। लेकिन कई बार यही मजाक अनजाने में दिल को चोट भी पहुंचा सकता है। पार्टनर कई बार मजाक में कुछ ऐसे शब्द बोल जाते हैं जो सुनने में तो छोटे लगते हैं लेकिन उनका असर बहुत ही गहरा होता है। इसलिए अगर रिश्ते को मजबूत बनाना है तो मजाक और बेइज्जती के बीच का जो बारीक अंतर है उसे समझना बहुत जरूरी है। कपल क्रिएटर्स संगीता और निखिल ने ऐसी ही बातों की लिस्ट शेयर की है, जिनपर कपल्स को कभी भी मजाक नहीं करना चाहिए।

मजाक में भी अलग होने की बात न करें

कभी भी मजाक में भी ‘मैं तुम्हें छोड़ दूंगा’ या ‘मैं तलाक ले लूंगा’ जैसी बातें नहीं कहनी चाहिए। भले ही आप इसे हल्के अंदाज में बोलें लेकिन ऐसे शब्द पार्टनर के मन में डर पैदा कर सकते हैं। एक सुरक्षित रिश्ता वही होता है जहां दोनों को भरोसा हो कि वे एक-दूसरे के साथ हमेशा खड़े हैं, ना कि छोड़ने की बात करते हैं।

ताने मारने वाले मजाक से बचें

कई लोग मजाक के नाम पर पार्टनर की समझदारी, आदतों या स्वभाव पर ताने मारते हैं। ऐसे मजाक धीरे-धीरे सम्मान को खत्म कर देते हैं। अगर आपका मजाक सुनकर सामने वाला मुस्कुराने की जगह चुप हो जाए तो समझ जाइए कि आपकी बात उसे बुरी लग रही है। ऐसे समय में बेहतर यही है कि आप ऐसे शब्द चुनें जो रिश्ते को मजबूत करें।

परिवार पर मजाक करने से पहले सोचें

जब आप किसी को अपना पार्टनर बनाते हैं तो उसके परिवार का भी सम्मान करना जरूरी होता है। परिवार को लेकर किया गया मजाक कई बार बहुत गहरा असर डालता है। हो सकता है आपको वह हल्का लगे, लेकिन आपके पार्टनर के लिए यह सम्मान का सवाल हो सकता है। इसलिए इस मामले में हमेशा सेंसिटिव रहें।

दूसरों से तुलना करने वाले मजाक से आती है रिश्ते में दूरी

भूल कर भी अपने पार्टनर की तुलना किसी और से नहीं करनी चाहिए। ‘तुम उसके जैसे क्यों नहीं हो’ जैसी बातें भले ही मजाक में कही जाएं लेकिन ये तुलना का भाव पैदा करती हैं। रिश्ता तुलना का नहीं बल्कि साथ चलने का नाम है। जब आप अपने पार्टनर की तुलना किसी और से करते हैं तो वह खुद को कम महसूस कर सकता है। इसलिए अपने पार्टनर को जैसा वह है, वैसा स्वीकार करना सीखें।

रूप-रंग पर मजाक लंबे समय तक याद रहता है

वजन, उम्र या लुक्स पर किया गया मजाक जल्दी भुलाया नहीं जाता। ऐसे कमेंट्स इंसान के आत्मविश्वास को चोट पहुंचाते हैं। हो सकता है उस समय आपका पार्टनर हँस दे, लेकिन अंदर से वह असहज महसूस कर सकता है। बेहतर यही है कि आप अपने पार्टनर को उसके व्यक्तित्व के लिए सराहें, ना कि उसकी कमियों का मजाक बनाएं।

मानसिक स्वास्थ्य को मजाक का विषय न बनाएं

आज के समय में तनाव, एंग्जायटी और थकान आम बात है। ऐसे में इन चीजों को मजाक बनाना भी गलत है। जब आपका पार्टनर किसी मानसिक दबाव से गुजर रहा हो, तब उसे समझ और साथ की जरूरत होती है, मजाक की नहीं। ऐसे समय में आपका सपोर्ट ही आपके रिश्ते को मजबूत बनाता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN