Home  लाइफस्टाइल समाचार नवरात्रि में हर बार हो जाते हैं ब्लोटिंग या गैस का शिकार?...

नवरात्रि में हर बार हो जाते हैं ब्लोटिंग या गैस का शिकार? बचाव के लिए पहले से जानें तरीके

9
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

व्रत रखना सेहत के लिए अच्छा माना जाता है। लेकिन कई बार लोग व्रत के दौरान कुछ कॉमन गलतियों को करते हैं जिसकी वजह से ब्लोटिंग या गैस की समस्या हो जाती है। ऐसे में नवरात्रि आने से पहले ब्लोटिंग या गैस से बचने के तरीकों को जानें।

नवरात्रि का समय मां दुर्गा की उपासना के लिए बहुत ही शुभ माना जाता है। नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा के सभी नौ रूपों की पूजा की जाती है। कहते हैं कि सच्चे मन से देवी की पूजा करने पर सभी मनोकामनाएं पूरी होती है। ऐसे में देवी को खुश करने के लिए लोग 9 दिनों तक उपवास रखते हैं। वैसे तो व्रत रखना सेहत के लिए बहुत ज्यादा फायदेमंद होता है, लेकिन नवरात्रि व्रत के दौरान बहुत से लोग ब्लोटिंग या गैस की समस्या का शिकार हो जाते हैं।इससे बचाव के लिए पहले से जानें तरीके।

1) साबूदाना बन सकता है समस्या

व्रत के खाने में बहुत से लोग साबूदाना को शामिल करते हैं। वैसे तो इसके खाने के कई फायदे हैं लेकिन ये स्टार्च से भरपूर होता है इसलिए बहुत ज्यादा खाने पर इससे गैस की समस्या हो सकती है। इसे दही के साथ खाने पर इससे होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है। ध्यान रखें कि आप एक बार में इसे बहुत ज्यादा मात्रा में न खाएं।

2) व्रत में चाय-कॉफी से बचें

चाय-कॉफी पीने की आदत से व्रत में बचना मुश्किल होता है। कुछ लोग व्रत में खाली पेट बहुत ज्यादा चाय और कॉफी पीते हैं जिसकी वजह से एसिडिटी और गैस की दिक्कत बढ़ सकती है। इसलिए कोशिश करें कि आप पहले कुछ खा लें और फिर चाय पिएं। इसके अलावा दिन में सिर्फ एक ही बार चाय पिएं।

3) सही तरह से खाएं फल

व्रत में केला, सेब, पपीता जैसे फलों को खाना अच्छा रहता है। हालांकि, फल और दूध को एक साथ नहीं खाना चाहिए। फल सिर्फ खाली पेट या मील के बीच में ले सकते हैं।

4) दूध से बनी चीजें

व्रत में दही या लस्सी जैसी चीजों को पिएं। ये सेहत के लिए बहुत अच्छी होती हैं, क्योंकि ये पेट के अच्छे बैक्टीरिया बढ़ाते हैं और ब्लोटिंग कम करते हैं।

5) दिन में हल्की एक्टिविटी करें

व्रत के दौरान लोग एनर्जी सेव करने के लिए एक जगह पर ज्यादा समय बिता देते हैं। हालांकि, व्रत में पूरे दिन बैठने से भी गैस बनती है। इसलिए कम से कम 10–15 मिनट टहलें। पाचन को बेहतर बनाने के लिए हल्का योगाभ्यास भी करें।

6) पानी सही मात्रा में पिएं

ब्लोटिंग की समस्या से अक्सर व्रत में परेशान होते हैं तो पानी की मात्रा पर ध्यान दें। कम पानी पीने से भी ब्लोटिंग हो सकती है। आप गुनगुना पानी पी सकते हैं और इसके अलावा नींबू पानी भी आपके लिए अच्छा है, ये पेट हल्का रखता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN